Thursday 22 October 2009

लोक तत्त्वः कुछ नोट्स

बाज़ार और उत्पादन

लोकतत्त्व का इधर बाज़ार को ध्यान में रखकर पूरी दुनिया में अध्ययन हो रहा है। वह दुनियाभर के बाज़ारों के लिए ग्लैमर का विषय है। दुनिया भर के बाजार जानना चाहते हैं कि किस देश के किस प्रांत का लोकजीवन क्या है। उनके सपने और आकांक्षाएं क्या हैं क्योंकि यही तो वह है जिसकी ओर उनकी निगाह है। वहां क्या बेचा जा सकता है और वहां से सस्ता क्या उगाहा जा सकता है। कोई दूर दराज के गांव में किसी खास वनस्पति की खेती या बागवानी चाहता है ताकि उसके बूते वह अपने धंधे को सस्ते में और चोखा कर सके। कोई दूर दराज के गांव में यूकेलिप्टस उगवा देता है तो कोई सूर्यमुखी खिला देता है तो कोई गांव की बंजर ज़मीनों पर जट्रोफा की उपज चाहता है ताकि तेल की समस्या से कुछ निजात मिले। दुनिया की प्रयोगशालाएं गांवों पर प्रयोग के लिए आतुर रहती हैं और वह आतुरता बनी हुई है।

चीन के गांव में वह चीज़ें तैयार की जा रही हैं जो भारत के दूरदराज़ के गांव में इस्तेमाल की जा सकें। वहां चीन के ग्रामीणों को यह पता नहीं है कि वह जो कुछ बना रहे हैं उसका कितना घातक असर लोगों की स्वास्थ्य पर पड़ेगा। उन वस्तुओं का टिकाऊपन कितना रहेगा और यूज़ एंड थ्रो वस्तु यूज़ से अधिक थ्रो के ही काम आती है। चीन के गांव का आदमी सस्ते में चीज़े बना रहा है और भारत के गांव का आदमी वह सस्ते में इस्तेमाल कर रहा है। दोनों जगह ही गांव का इस्तेमाल बाज़ार कर रहा है।

महंगा हुआ श्रम

राष्ट्रीय ग्रामीण गारंटी रोजगार योजनाओं से गांवों का जीवन बदल रहा है और लोगों को श्रम की अच्छी कीमत मिल रही है जो पहले संभव नहीं थी। इसका नतीज़ा यह हुआ कि खेतों में काम करने के लिए जो शहर की तुलना में सस्ता श्रम था वह उपलब्ध था। हालांकि गांव से रोजगार की खोज के लिए शहर की ओर जाते लोगों की वज़ह से दिनों दिन काम करने योग्य लोगों की उपलब्धता घटती जा रही थी लेकिन अब और कठिन हो गया जो गांव में हैं उन्हें नरेगा के तयशुदा मानकों के अनुरूप पैसा मिलने के कारण अब खेतिहर श्रमिकों के भाव बढ़ गये हैं जिसके कारण खेती करना और महंगा हो गया है। अब जो खर्च खेती पर हो रहा है उसकी की़मत अनाज से निकलने की गारंटी कहां है। गांव के लोगों को आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भरता की यह जो कीमत देश को चुकानी पड़ेगा वह क्या बड़ी नहीं है। नये हालात में खाद्यानों की उपज कम हो जायेगी। खेती के कार्य में श्रम को बढ़ावा देने की आवश्यकता भी उतनी ही है जितनी ढांचागत सुविधाओं की दोनों का सामंजस्य जरूरी है ऐसा हो कि गांव से शहर तक आवाजाही की सुविधा तो हो जाये लेकिन गांव में कुछ ऐसा तैयार ही हो पाये जो शहर में पहुंचे।

भोजपुरी का बाज़ार

इधर भोजपुरी बोली के भाषा बनने की तैयारियां हो रही हैं और भोजपुरी का बाज़ार उठा है। सस्ते-सुस्ते में बनी भोजपुरी फिल्म ससुरा बड़ा पैसा वाला फिल्म के बाक्स आफिस पर हिट होने का बाद भोजपुरी फिल्मों की बाढ़ गयी। इधर टी सीरिज ने भोजपुरी बाजार को पहले ही अश्लील भोजपुरी गीतों से पहले ही बाजार को पाट रखा था। अश्लीलता और फूहड़ता पर टिका यह भोजपुरी का संगीत फिल्मी बाजार तब और गरम हो उठा जब महुआ जैसे टीवी चैनल भी भोजपुरी में गये। पारा गरम और मिर्ची लागल जैसे अश्लीलता से आतप्रोत कार्यक्रमों के बूते इस चैनल ने बता दिया कि भोजपुरी की औकात क्या है। जो लोग गांवों से काफी पहले शहर गये थे और भोजपुरी बोलना जिनके बच्चों के बस की बात नहीं रह गयी थी वह प्रेरित किये गये कि अपनी भाषा का टीवी चैनल देखें लेकिन जब उन्होंने भोजपुरी की शानदार अश्लील परम्परा का जायजा लिया तो शर्मसार हो उठे। द्विअर्थी गीत ही भोजपुरी गीतों की पहचान बन गयी है। अब अन्य भाषा बोलने वालों के बीच लगा ' तू चोलिया के हूक राजा जी' , 'लहंगा उठा देब रिमोट से', 'मिस काल मार तारू किस देबू का हो/अपनी मसीनिया में पीस देबू का हो' जैसे गीतों में अपनी संस्कृति की पहचान नहीं कराना चाहते। पते की बात यह है कि अश्लीलता की परिधि के आसपास घूमते लोग ही मंच पर यह दावा करते हैं कि भोजपुरी को भाषा बनायी जाये ऐसे में इनको कौन पढ़ा लिखा भोजपुरिया अपना प्रतिनिधित्व सौंपेगा।

लोक-परलोक

गांव से रोजगार की तलाश में शहर आना और बरसों बाद रिटायर होने पर गांव लौटना भारतीय समाज की बहुत बड़ी त्रासदी है। गांव के परिचित माहौल से बाहर शहर के माहौल से तालमेल बिठाने में समय लगता है लेकिन उससे अधिक कठिन है अपने को शहर के सांचे में ढालने के बाद गांव के लोक जीवन से तालमेल बिठा पाना। शहर में अपनी उम्र के कीमत वर्ष बिताने के बाद गांव लौटना पढ़े लिखे व्यक्ति के लिए नर्क में लौटना है। वहां का वातावरण लगातार व्यक्ति को अकेला करता है, निराश और हताश करता है। भ्रष्टाचार और चारित्रिक पतन जो शहर में परदे में है, वह गांव में अपने नग्न रूप में सामने खड़ा हाता है। उपयोगी नहीं हैं तो कुछ नहीं हैं, गांव का मूल्य बन चुका है। गांव से शहर जाकर लौटे आदमी के लिए लोक ही परलोक हो चुका होता है।

No comments:

Post a Comment

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...