Showing posts with label समीक्षा. Show all posts
Showing posts with label समीक्षा. Show all posts

Wednesday, 1 November 2017

काइनात में कुछ भी नहीं है,दो दिल इक धड़कन



साभार- सन्मार्ग 12.11.2017

पुस्तक समीक्षा/डॉ.अभिज्ञात

पुस्तक : झील के बिस्तर पर/गीत/लेखक-फ़े.सीन.एजाज़/प्रकाशक: इंशा पब्लिकेशंस, 26 ज़करिया स्ट्रीट, कोलकाता-700073/मूल्य: 120 रुपये


दिल के अहसासों को पूरी शिद्दत से व्यक्त करने वाले गीतों का संग्रह ‘झील के बिस्तर पर’ आया है। इसे लिखा है उर्दू के प्रख्यात शायर, कथाकार, आलोचक और ढाई दशक से अधिक अरसे में कई देशों में अपना अच्छा-खासा पाठक वर्ग तैयार कर चुकी पत्रिका ‘महानामा इंशा’ के सम्पादक फ़े.सीन.एजाज़ ने। देवनागरी लिपि में आये ये गीत हिन्दी गीतों के प्रचलित मुहावरों और प्रतीकों से एकदम अलग हैं जिसके कारण इनमें अतिरिक्त ताज़गी है। चूंकि एजाज़ ग़ज़लगोई की दुनिया का एक सुपरिचित नाम है, जिसने गीत के मीटर पर भी अपनी वैसी ही पकड़ बरकरार रखी है इसलिए इन गीतों को गाने वालों के सामने भी कोई दुश्वारी नहीं है। हिन्दी उर्दू की मिलीजुली आसान हिन्दुस्तानी जुबान में लिखे ये गीत आसानी से लोगों की समझ में आने वाले हैं। एक और खूबी यह कि कई गीत स्त्रियों की ओर से उनके मनोभावों को व्यक्त करने वाले हैं। एक बानगी देखें-‘तरसेंगी मिरी सांस को जब सांसें तुम्हारी/उलझेंगी मंज़िलों से भी जब राहें तुम्हारी/कुछ काम न आ पायेंगी जब आहें तुम्हारी/ढूंढोगे मेरे साथ की तन्हाइयों को तुम/पर मैं नहीं मिलूंगी..।’
ताजमहल को लेकर उर्दू शायरी में साहिर लुधियानवी से लेकर तमाम रचनाकारों ने बहुत कुछ लिखा है, उस क्रम को एजाज़ ने आगे बढ़ाया है। उनका गीत यूं है-‘सोचा है कोई ताजमहल हम भी बनायें/ हल्का सा कोई तंज़ ज़फ़ाओं पे नहीं हो/इस दिल को ग़ुरूर अपनी वफ़ाओं पे नहीं हो/दिल छूने का इक तर्ज़े अमल हम भी बनायें।’
इस संग्रह के गीतों में नारेबाजी व समाज को बदल डालने की चाहतों की बातें नहीं बल्कि मुहब्बत, ज़ुदाई व उससे जुड़े मनोभावों को अधिक व्यक्त किया गया है जो युवाओं को भी आकृष्ट करेगा-‘कल तू भी नहीं होगी यहां, हम भी न होंगे/आ जा के मुलाक़ात का यह आख़िरी दिन है/इक प्यार का आलम जो गुज़ारा है तेरे साथ/बरसात का मौसम जो गुज़ारा है तेरे साथ/उस मौसमे बरसात का यह आख़िरी दिन है।’ उनके गीतों की दुनिया में और कोई नहीं बल्कि दो मुहब्बत करने वाले हैं और उनसे जुड़ी बातें हैं। इस बात को वे अपने पहले ही गीत में कह देते हैं-‘आज इक साथ हंसें तो खुल कर साथ बहें आंसू/कोई नहीं है वादी-ए-गुल में, इक मैं और इक तू/काइनात में कुछ भी नहीं है, दो दिल इक धड़कन/यह कैसी उलझन है।’

Wednesday, 8 January 2014

कैसा है कबीर का जादू

समीक्षा
-डॉ.अभिज्ञात
कहै कबीर मैं पूरा पाया/लेखक-ओशो/ प्रकाशक-डायमंड पाकेट बुक्स प्रा.लि., 10-30, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया, फेज-2,नयी दिल्ली-20/मूल्य-250 रुपये 
'कहै कबीर मैं पूरा पाया' कबीर वाणी पर ओशो के प्रवचनों का संग्रह है। इसमें श्रोताओं की कई जिज्ञासाओं का समाधान भी उन्होंने किया है। जनभाषा में कबीर ने सीधे-सरल हृदय से जो कुछ कहा उसे समझने में आज की जटिल होती दुनिया में कई दुश्वारियां हैं। उनके कहे के मर्म को समझने में आज के कई विद्वान तक भूल कर बैठते हैं या फिर उस सच तक नहीं पहुंच पाते जहां कबीर इशारा करते हैं। यह पुस्तक इस अर्थ में महत्वपूर्ण है कि कबीर के कथ्य के अभिप्रेय तक पहुंचने में पाठकों की मदद करती है। कबीर को ओशो की निगाह से देखने पर वे उलझनें और गुत्थियां दूर होती हैं जिनमें उलझ कर पाठक रह जाते हैं। यह पुस्तक कबीर के दर्शन की गहराई तक पहुंचने में हमारी सहायता करती है। ओशो ने कबीर के क्रांतिकारी विचारों को नये आलोक में पेश किया है तथा उनके विचारों की प्रासंगिकता को भी रेखांकित किया है। ओशो ने उनके बारे में कहा है कि 'टेढ़ी मेढ़ी बात कबीर को पसंद नहीं। इसलिए उनके रास्ते का नाम है: सहज-योग।' कबीर के विचारों की मौलिकता पर रीझते हुए ओशो कहते हैं-'कबीर के वचन अनूठे हैं; जूठे जरा भी नहीं।' संतों के बीच कबीर के स्थान का निर्धारण करते हुए वे कहते हैं-'संतों में कबीर के मुकाबले कोई और नहीं। सभी संत प्यारे और सुंदर हैं। सभी संत अद्भुत हैं; मगर कबीर अद्भुतों में भी अद्भुत हैं; बेजोड़ हैं।' ओशो का दावा है कि 'जो एक बार कबीर के प्रेम में पड़ गया, फिर उसे कोई और संत न जंचेगा। और अगर जंचेगा भी तो इसलिए कि कबीर की भी भनक सुनाई पड़ेगी।'
सांस्कृतिक समन्वय और धार्मिक सद्भाव के लिहाज से कबीर पर ओशो की व्याख्या बेहद प्रासंगिक है। वे कहते हैं-'कबीर में हिन्दू और मुसलमान संस्कृतियां जिस तरह तालमेल खा गयीं, इतना तालमेल तुम्हें गंगा और यमुना में भी प्रयाग में नहीं मिलेगा। दोनों का जल अलग-अलग मालूम होता है। कबीर में जल जरा भी अलग-अलग नहीं मालूम होता।..वहां कुरान और वेद ऐसे खो गये कि रेखा भी नहीं छूटी।' ओशो की नजर से हम यह जान पाते हैं कि 'कबीर में ऐसा जादू है कि तुम्हें वहां पहुंचा दे.उस मूल स्रोत पर..जहां से सब आया है, और जहां एक दिन सब लीन हो जाता है।'

Wednesday, 4 September 2013

अपनी गज़लों के लिए भी अलग से पहचाने जायेंगे महेंद्र शंकर

समीक्षा

-डॉ.अभिज्ञात

पुस्तक का नाम-मतला अर्ज़ है/लेखक-महेंद्र शंकर/प्रकाशक-प्रज्ञा प्रकाशन, 1/सी/4 शिमला शतघड़ा रोड, एक्सटेंशन रिसड़ा, पो.-प्रभास नगर, जिला-हुगली-712249/मूल्य-60 रुपये 

सुपरिचित नवगीतकार महेंद्र शंकर 'मंदिर में शंख बजे' के प्रकाशन के साथ खासे चर्चित हुए थे। इस संग्रह के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ का पुरस्कार भी मिला था। उनके मरणोपरांत उनकी गज़लों का संग्रह आया है-मतला अर्ज़ है। इस संग्रह से उनके काव्य व्यक्तित्व को एक नयी आभा और एक और विशिष्ट पहचान बनती है। उनके प्रशंसकों के लिए यह संग्रह एक नायाब उपहार है। अपने समय की लोकप्रिय पत्रिका 'वासंती' के जरिए उन्होंने साहित्यकारों की एकाधिक पीढ़ी तैयार की थी, जो न सिर्फ़ उनके सम्पादन से रचनात्मक ऊर्जा प्राप्त करती रही, बल्कि मार्गदर्शन भी पाया। उन्होंने 'त्रिविधा' पत्रिका का भी सम्पादन किया था। इस प्रकार अपनी रचनात्मक मेधा से उन्होंने साहित्य की सेवा भी की और साहित्य कर्म को संजीदगी से लेने वालों की जमात भी तैयार की। उन्हीं के एक शेर से यह बात कही जाये तो-'चूम ले एक खार हौले से। पूरी टहनी गुलाब हो जाये।'
महेंद्र जी के योगदान की चर्चा करते हुए प्रख्यात कवि केदारनाथ सिंह का कहना है कि 'नयी कविता के समय के कवि महेंद्र लोक जीवन के सभी पक्षों को उजागर करने वाले प्रगतिशील चेतन के अकेले तेज कवि थे।..लिखना तो उन्होंने 1950 के बहुत पहले से शुरू किया था लेकिन 1957 से नवगीत के एक समर्थ कवि के रूप में उन्हें स्वीकृति मिली।' महेंद्र शंकर के रचनात्मक योगदान की चर्चा करते हुए कवि शलभ श्रीराम सिंह ने कहा है कि महेंद्र के गीत लोक शिल्प व लोक शब्द तथा लोक बिम्बों के कारण अति बौद्धिकता से बच गये हैं। वहीं मृत्युंजय उपाध्याय का मानना है कि उनके नवगीतों में भाव, विचार, बुनावट, भाषा के नये शब्दों का प्रयोग तथा बिम्बों का बड़ा ही अद्भुत मगर सहज प्रयोग हुआ है।
महेंद्र शंकर ने लगातार अपनी रचनात्मक परिधियों का विस्तार किया और नयी रचनात्मक चुनौतियों से लोहा लेते रहे। उन्होंने कहानियां, $गज़लें और मुक्त छंद की कविताएं भी लिखीं। उनकी बहुत सी रचनाएं पुस्तकाकार प्रकाशित नहीं हैं। यह सुखद है कि उनके रचनाकार सुपुत्र एस आनंद ने उनकी गज़लों के इस संग्रह के प्रकाशन का उपक्रम किया और आशा है वे उनकी अन्य कृतियों को भी प्रकाशित कराने का बीड़ा उठायेंगे।
मौजूदा संग्रह में महेंद्र जी की गज़लों में मौसम की चिन्ता रेखांकित करने योग्य है। उनके कई शेरों में यह व्यक्त हुई है, यथा- 'मौसम का क्या मिजाज है, कुछ कह नहीं सकते/किस ओर का परवाज है कुछ कह नहीं सकते। कितनी गरज, तड़प है आकाश के भीतर/किस पर गिरेगी गाज कुछ कह नहीं सकते।' एक अन्य $गज़ल का शेर देखें-'मौसम के मन में चोर, फूल अनखिले रहे/ हर ओर अजब शोर फूल अनखिले रहे।' 
महेंद्र की गज़लों में भले उर्दू शब्दों को भी प्रयोग हुआ है किन्तु उनकी भावभूमि और मुहावरेदारी हिन्दी कविता की ही है। इस मामले में वे दुष्यंत और चंद्रसेन विराट, नीरज जैसों की परम्परा में हैं-'एक परिचित स्वर विजन में पास आ जाये तो क्या हो/साथ का छूटा मुसाफिर साथ पा जाये तो क्या हो। पेड़ से लिपटी हुई है छांह बेसुध चांदनी में/चांद पर यदि बादलों का रंग छा जाये तो क्या हो।' एक अन्य गजल़ की बानगी देखें- 'इतना वक्त कहां है कि तुमसे बात करें/बिना नैवेद्य चलें और बारात करें। नरसी मेहता की तरह हममें चमत्कार नहीं/गर्म जल शीत करें, जर की बरसात करें।' महेंद्र जी की गज़लों में मौजूदा वक्त की विसंगतियां भी व्यक्त हुई हैं और नर्म खयाल भी। धड़कता हुआ दिल भी है और टीस और विरह भी। संग्रह में अन्नामलाई पर्वत पर लिखी गयी रुबाइयां अलग से पाठक का ध्यान आकृष्ट करती हैं।

Tuesday, 20 August 2013

मनोविज्ञान की गहरी सूझ वाली कहानियों का आत्मीय संसार

समीक्षा 
 -डॉ.अभिज्ञात
पुस्तक का नाम-स्याह लहरों का ध्रुवतारा/लेखक-नंद किशोर/ प्रकाशक-श्री प्रकाशन, 32 सरकार लेन, कोलकाता-700007/ मूल्य-पेपरबैक-80 रुपये व सजिल्द 150 रुपये मात्र।
कवि-चित्रकार नंद किशोर का पहला कहानी संग्रह स्याह लहरों का ध्रुवतारा पाठकों को एक ऐसे आत्मीय संसार में ले जाता है जो हमारा बहुत जाना पहचाना भले न हो किन्तु वह कहीं से पराया नहीं लगता। यह कथाकार की रचनात्मकता की खूबी है कि वह अपने साथ हमें अपने अनुभूत और काल्पनिक जगत में इस तरह ले जाता है कि वह बड़ी सहजता से हमारा अपना भी बन जाता है। भाषा न तो आक्रांत करती है और ना ही अपनी ओर अलग से ध्यान खींचती है। पाठक का पूरा ध्यान इस बात पर रहता है कि कथानक के चरित्र के साथ क्या घटा। ये चरित्र केवल कथानक तक सीमित नहीं रह जाते बल्कि हमारे अनुभव संसार एक ऐसा हिस्सा बन जाते हैं जैसे वे हमारी दुनिया में प्रत्यक्ष आया हों और उनके साथ जो कुछ घटित हुआ वह हमारे सामने ही हुआ। इन कहानियों को घटनाक्रम ही कहानी नहीं बनाते बल्कि संवेदन तत्त्व भी उसमें केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। मनोविज्ञान की गहरी समझ ने इन्हें अतिरिक्त अर्थवत्ता प्रदान की है और कई कहानियां मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के लिहाज से भी याद किये जाने योग्य हैं। हिन्दी कहानी में मनोविज्ञान की गहरी सूझ की उन्हें इलाचंद जोशी, जैनेन्द्र व अमरकान्त की कथा परम्परा से जोड़ती है। इस लिहाज से संग्रह की पहली दो कहानियां 'कुएं का बर्फीला सन्नाटा' व 'इनविटेशन' द्रष्टव्य है। 'कुएं का बर्फीला सन्नाटा' कहानी के मुख्य पात्र तकी अहमद की कुंठाओं का प्रभावी मनोविश्लेषण कथाकार ने किया है। उसकी पीठ पर कूबड़ था और वह इसे प्राकृतिक अभिशाप को कभी दिल से स्वीकार नहींं कर पाता है। उसे हर वक्त लगता रहता है कि उसके परिवार के लोग उसकी उपेक्षा कर रहे हैं। हाई स्कूल में अच्छे अंकों के बावजूद वह कालेज में एडमिशन नहीं लेता और अन्तत: वह अपने दोस्तों, घर-परिवार के लोगों की आत्मीयता को भूलकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर लेता है। 'इनविटेशन' कहानी में खदान का सीनियर मैनेजर पर्सनल अपने घर पर काकटेल पार्टी में कई मजदूरों को भी बुलाता है। जिसमें अफसर, यूनियनों के नेता, ठेकेदार, क्लर्क व एजेंट भी बुलाये गये हैं। इस दावत में मजदूरों को निमंत्रण क्यों दिया गया है यह कहानी के मुख्य पात्र बूधन पासवान का पड़ोसी चटर्जी दा समझाते हैं कि प्रबंधन-श्रमिक का करीबी रिश्ता उत्पाद को प्रभावित करता है, इन्हीं कवायदों में पार्टी वार्टी मात्र एक प्रबंधकीय टैक्टिस है। किन्तु बूधन उनकी गूढ़ लगती बातों को नहीं समझ पाता। पार्टी में जाने का उत्साह व सब कुछ बेहतर हो जाने की कल्पना आदि के लिए इस कहानी में मजदूर की मन:स्थिति का बेहद विश्वसनीय मनोवैज्ञानिक विश्लेषण किया गया है। कहानी का क्लाइमेक्स अत्यंत नाटकीय अंदाज में होता है जब बुधन पार्टी में विदेशी शराब के नशे में बेसुध होकर गिर जाता है और जब उसे होश आता है तो पाता है कि पार्टी देने वाला जो अफसर उसे महान नजर आ रहा था वह अपनी पत्नी के आगे भीगी बिल्ली बना हुआ है और उसकी बीवी उसे फटकार रही है-जाने तुम कहां-कहां से भिखारियों को उठाकर ले आते हो..यह कंगाली रात भर उल्टियां करता रहा।....उसे अभी घर से बाहर निकालो और पूरा बंगला फिनाइल, डिटाल से रगड़कर साफ करो...। दूसरी तरफ 'मसालों का सौदागर' जैसी कहानियां भी हैं जिनमें यथार्थ और फेंटेसी का ऐसा समन्वय है कि वह पाठक को एक अन्य लोक में ले जाता है जहां सच झूठ के प्रश्न बेमानी हो जाते हैं और पाठक दिल थामे इस बात का इन्तजार करता है कि अब क्या होने वाला है। 'एक था रतन', 'फातिहा' और 'ठंडी चाय' कहानियां व्यक्तियों के अलग-अलग रूप प्रस्तुत करती हैं और अलग-अलग दुनियाओं में ले जाती हैं जहां हम व्यक्ति की खूबियां-खामियों, उसकी आशा-निराशा और इनमें रोजमर्रा की जि़न्दगी के घात-प्रतिघात से पाठक का साबका होता है। नंद किशोर का यह पहला संग्रह यह दर्शाता है कि उनके अंदर कई दुनियाएं हैं, जिनसे कहानी की दुनिया और समृद्ध होगी।

Monday, 25 April 2011

विमर्श और सपनों के ताने बाने से बुनी कविताएं

समीक्षा
साभार-सन्मार्ग, 24 अप्रैल 2012
भूख धान और चिड़िया/ लेखक-स्वाधीन/प्रकाशक-मंगल प्रकाशन, दिल्ली


Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...