Showing posts with label अभिज्ञात. Show all posts
Showing posts with label अभिज्ञात. Show all posts

Sunday, 3 February 2019

अपराजेय जिजीविषा के दस्तावेज


पुस्तक समीक्षा

पुस्तक का नाम : सरगम के सुर साधे/लेखक : ध्रुवदे‍व मिश्र पाषाण/प्रकाशक : प्रतिवाद प्रकाशन, 1/5 पी.के.राय चौधुरी सेकेण्ड बाई लेन, पो. : बी. गार्डेन, हावड़ा-711103
वरिष्ठ ध्रुवदे‍व मिश्र 'पाषाण' पहली ही कविता पढ़ते हुए जैसे महाप्राण निराला को पढ़ने का भ्रम होता है। जामुन के पेड़ पर लिखी कविता है -'सरगम के सुर सधे।' नाम भी संगीत से जुड़ा है और कविता छंदबद्ध -'धरती में/गहरे धंसी जड़ों की फांस-फांस/शिरा-शिरा ऊपर चढ़ता/तरु की नस-नस/जीवन-जल। उगते शाख-शाख पत्ते/हवा-हवा झूम झूम/हिलते पत्ते/जुड़ते-जुड़ते पाखी/पांख-पांख/फर-फर/सर-सर/सरगम के सुर साधे पाखी।' इस कविता में उनकी अपराजेय जिजीविषा, प्रकृति प्रेम और उसका संगीत पाठक को अपनी गिरफ्त में ले लेता है... और हम आश्वस्त होते हैं कि-'नहीं चुकेगा/धरती का/जीवन-जल।/नहीं रुकेगा/शाख-शाख/उगते-झरने का क्रम/प्रलय कीच में/खिला करेगा/सृष्टि-कमल हरदम।' यह अनायास नहीं है कि दूसरी कविता मुक्तिबोध से सम्बद्ध है। उसका नाम ही है-'एक हर्फनामा: मुक्तिबोध से जुड़ते हुए'। इस कविता में वामपंथी चेतना पर विश्वास और मेहनकशों की विजय के स्वप्न अब भी जीवित हैं-'गांव-शहर उमड़ती भीड़/बदलेगी/सत्ता-समाज का जीर्ण-शीर्ण/व्याकरण/धरती की रक्ताक्त हथेली पर/रचेगी हरियाली की भाषा।'
पाषाण जी सदैव हमारे समक्ष एक ऐसे रचनाकार के तौर पर उपस्थित रहते हैं जिसने सांस्कृतिक मोर्चे पर हर पराजय के बाद अपने को नयी ऊर्जा से लैस किया है। इस संग्रह की कविता 'मृत्युंजय' से उन्हीं के शब्दों में-'जरा से अभय/मरण से निर्भय/काल/महाकाल/कालातीत को/ठेंगा दिखाता/अनंत का आक्लांत यात्री।' और यही मूल स्वर है कवि का। संग्रह की हर कविता से झांकता मिलेगा उसका अपना व्यक्तित्व, काव्य -सम्बंधी उनकी अवधारणाएं और मूल प्रतिज्ञाएं। हालांकि यह कविताएं एक गहरे अर्थ में आत्मपरक नहीं हैं क्योंकि इसमें किसी भी रचनाकार की अवचेतना में अपनी रचनाशीलता को लेकर जो अमूर्त प्रश्न हैं, यहां उनके उत्तर सहित मौजूद हैं।
'सुनामी' कविता में पाषाण जी लिखते हैं-'सुनामी-दर-सुनामी/जारी है/नयी सृष्टि के प्रसव का स्राव।' 'एक वह' कविता में लिखते हैं-'उगना ही नहीं/ढलना भी है उसे/हर रोज/गोया/हर रोज एक मरण/ मगर/न रुकता है/न ऊबता है/पूरब की चढ़ाई से/न शिथिल पड़ती है/ चलने की रफ्तार।' कविता में जगह जगह वही हार न मानने की जिद वह नव निर्माण की तैयारी।
अपनी भूमिका में पाषाण जी ने जिन बातों का उल्लेख किया है। उसे आप उनकी काव्य सर्जना में विस्तार से फलीभूत होता हुआ पायेंगे। यथा-जो विचार और किताबें जीवन को घेरते हैं-'उनकी घेरेबंदी और जकड़बंदी के मकड़जाल को सोच-समझ कर कविता तोड़ती है। व्यापक जनजीवन की अगली हलचलों को आलोड़ित करने वाले आंदोलनों से नाभिनालबद्ध होकर कविता अपना कलेवर तैयार करती है। कविता जीर्ण-शीर्ण प्राचीन को जीवन के ताप से तपाती है, जलाती है। ऐसी कविता ही मशाल बनती है, जीवन को रोशनी देती है। कविता मानव आत्मा को मुक्ति का रास्ता बुहारती है'... आदि-आदि। अंतिम बात में आत्मा का जिक्र है। क्रांति से आध्यात्मिकता की ओर उनका उन्मुख होना एक नयी दिशा की ओर उनका काव्य- प्रस्थान नहीं है। पहले भी वे आध्यात्मिक प्रश्नों से पौराणिक पात्रों पर लिखते हुए भिड़ चुके हैं। वाल्मीकि की चिन्ता, चौराहे पर कृष्ण उनकी परवर्ती काव्य कृतियां हैं। वे जिस समाज और समुदाय को मुखातिब हैं और जिसके जीवन-मरण और संघर्ष में सहभागिता का उन्होंने बीड़ा उठाया है वह आत्मा के प्रश्न से बेतरह जुड़ा हुआ है। उसकी बोली -बाली और चिन्तन के तौर तरीकों को अपनाये बिना उस तक पहुंचने का मार्ग भी कहां है? उनके इस संग्रह में पवित्रता जैसी अवधारणा भी हैं। इस संग्रह में कुछ प्रेम कविताएं भी हैं। जिनमें एक शीर्षक ही है 'पवित्र हो तुम। 'प्लेटोनिक लव की स्थिति है इस कविता में। यह नवम्बर 2013 में लिखी गयी है। सन् 2004 की लिखी कुछ प्रेम कविताएं भी हैं। और पुस्तक के अंत में निराला से अपने जीवन की घटनाओं की प्रकारांतर में तुलना भी है। उस वेदना के संदर्भ में जो अपनी बेटी पर लिखे उनके प्रसिद्ध शोक काव्य 'सरोज स्मृति' की रचना का कारण बनी। पाषाण जी ने संदिग्ध परिस्थियों में मृत अपनी पौत्री को याद किया है और वैसी ही किसी रचना के सृजन के प्रति आशान्वित हैं।

Tuesday, 28 November 2017

गांव की विडम्बनापूर्ण स्थितियों का कथात्मक विश्वसनीय दस्तावेज

साभारः सन्मार्ग, कोलकाता, 26.11.2017

लघुकथाकार के रूप में पुख्ता पहचान बना चुके अशोक मिश्र का पहला कहानी संग्रह ‘दीनानाथ की चक्की’ ग्रामीण परिवेश को जीवंत करता हुआ पाठकों के आस्वाद में एक सकारात्मक और ज़रूरी हस्तक्षेप करता है। हालांकि इसमें संग्रहीत कहानियां देश की प्रमुख पत्रिकाओं में पहले ही प्रकाशित हो चुकी हैं किन्तु एक साथ इनको पढ़ना उनकी मुकम्मल दस्तानगोई से वाकिफ होना है। उनकी कहानियों में कस्बाई और शहरी परिवेश है किन्तु वह ग्रामीण दृश्य से देखा गया शहर है। उनकी कहानियां गांव से उठती हैं और उसके विषाक्त होते परिवेश और वहां ध्वस्त होते जीवन मूल्यों को बेबाक ढंग से पाठक के समक्ष रखती हैं। जातिवाद का घुन किस कदर देश की सारी व्यवस्था को कमज़ोर कर रहा है, इसकी शिनाख्त इन कहानियों से की जा सकती है। यह कहानियां कहानी भर ही नहीं हैं, बल्कि उससे आगे जाकर एक समाजशास्त्रीय अध्ययन और विमर्श बन जाती हैं।

संग्रह की पहली कहानी ‘बुद्धिराम@पत्रकारिता डॉट कॉम’ पत्रकारिता की दुनिया में जातिवादी गठजोड़ और देश की तमाम घटनाओं को जातीय दृष्टिकोण से देखने-दिखाने को बेनकाब करती है लेकिन वह जातीय विमर्श तथा समाज में दलित और स्त्री की स्थिति तक ही नहीं रुकती बल्कि मीडिया के पतनोन्मुख यथार्थ को भी बयां करती है। मीडिया के मिशन से प्रोफेशन बन जाने की टीस भी इसमें है। बीस साल तक पत्रकार के तौर पर सक्रिय रहे इस कथाकार ने इस दुनिया को करीब से देखा है, जो कथन को अतिरिक्त विश्वसनीयता प्रदान करता है। शीर्षक कहानी ‘दीनानाथ की चक्की’ भी आज की ग्रामीण व्यवस्था का आईना है और ग्राम विकास के नाम पर चलाई जा रही योजनाओं पर गहरा व्यंग्य है। शिक्षा जगत में व्याप्त विसंगतियां तो उनकी कई कहानियों में उजागर हुई हैं। अशोक मिश्र की कहानियां परास्त, पस्त और निराश लोगों के घुटन का दस्तावेज हैं। हर चौथी पंक्ति कहीं-न-कहीं किसी-न-किसी प्रकार व्यवस्था की खामियों पर एक तल्ख टिप्पणी है और यह विनय की भाषा में नहीं है। उनकी कहानियों में संवाद कम हैं लेकिन जब भी कोई पात्र मुख खोलता है, उसमें तीखा कटाक्ष है। इसी प्रकार गांव की मौत कहानी में मौजूदा विडम्बनाओं के हमारा साबका पड़ता है। संग्रह की सत्रह नयी- पुरानी कहानियों में अशोक मिश्र ने क्रमशः लेखन -शिल्प को मांजा, कटाक्ष को तीव्रतर और यथार्थ पर अपनी पकड़ को मज़बूत किया है।

    डॉ.अभिज्ञात

Wednesday, 18 March 2015

लघु नाटिका-मुक्ति

मुक्ति

लघु नाटिका

-डॉ.अभिज्ञात

पात्र-

1-महिला सामाजिक कार्यकर्ता
2-सामाजिक कार्यकर्ता का सहायक
3-शिकारी
4-महिला जज
5-पुलिस
6-फारेस्ट आफिसर


दृश्य- एक
(परदा उठता है। झील का दृश्य। सर्दी का मौसम। मध्य एशिया के साइबेरिया से अपने तमाम दोस्तों के साथ उड़कर आया एक ग्रे हंस बल्लभपुर की झील के पास बैठा है। गोली चलने की आवाज़ आती है। हंस कराह कर गिर पड़ता है। झाड़ियों के पीछे से निकलकर एक शिकारी सामने आता है। वह पक्षी को छूकर देखता है। )
शिकारी-चलो बेहोश हो रहा है। एकदम टारगेट पर दाई ओर लगी है यह विशेष गोली। इसे ले चलते हैं। जल्दी ही यह ठीक हो जायेगा फिर बेच दिया जायेगा यह विदेशी बाज़ार में। अच्छी खासी रकम मिलेगी। कितने सुन्दर होते हैं कम्बख्त ये मध्य एशिया के साइबेरियन ग्रे हंस। अपने तमाम दोस्तों के साथ यह हर सर्दी में उड़कर आते हैं। यहां की झीलों में डेरा डालते हैं। यहां अंडे देते हैं। यहीं पर उन्हें सेते हैं। इनके चूजे धीरे-धीरे उड़ना सीखते हैं। और जब सर्दियां ख़त्म हो जाती है वे अपने परिवार और दोस्तों के साथ उड़ जाते हैं। अपने मूल स्थान की ओर।
(शिकारी हंस को गोद में उठाता है और उसे लेकर आगे बढ़ता है कि एक महिला वहां आ पहुंचती है।)
महिला-खबरदार। वहीं रुक जाओ। भागे तो मारे जाओगे। हमारे साथी चारों ओर खड़े हैं। हमारी एनजीओ को बहुत दिन से खबर थी कि तुम लोग इन विदेशी मेहमानों को बेहोशी की गोलियां मारकर अपने कब्जे में ले लेते हो और उनकी तस्करी दूसरे देशों में करते हो। आज रंगे हाथ पकड़े गये। अरे, रामप्रसाद आओ इधर आओ। पकड़ो इसे और ले चलते हैं थाने। और इस हंस को वन विभाग के अस्पताल।
 (एक आदमी आता है और शिकारी की कालर पकड़ कर ले जाता है और महिला हंस को अपनी गोद में लेकर जाती है।)

दृश्य- दो
(अदालत का दृश्य। एक महिला जज कुर्सी पर बैठी है। कटघरे में एनजीओ की महिला कायकर्ता खड़ी है।)
जज-तो शांति देवी। आप बताइए कि उस दिन क्या हुआ था।
कार्यकर्ता-मैं झील के पास से गुज़र रही है थी। मैंने गोली की आवाज़ सुनी। मैं घटनास्थल पर पहुंची तो मैंने पाया कि यह ग्रे हंस बेहोश पड़ा है जिसे एक व्यक्ति उठाकर ले जाने की कोशिश कर रहा है। मुझे लगा कि यह शिकारी है और गोली उसी ने मारी है इसलिए मैंने उसे थाने में दे दिया। और उस पर मुकदमा दायर कर दिया।
जज-तो क्या आप दावे के साथ नहीं कह सकती हैं कि हंस के पास जो व्यक्ति था गोली उसी ने मारी थी।
कार्यकर्ता-जी हां। मुझे बाद में अपनी गलती का एहसास हुआ कि मैंने एक निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। इसलिए मैं यह मुकदमा वापस लेती हूं और अपनी गलती है लिए अदालत से माफी मांगती हूं।
जज-ध्यान रखे अइन्दा ऐसी गलती न हो। वरना आपको सज़ा हो सकती है।
कार्यकर्ता-जी अब से ऐसा नहीं होगा। आपका शुक्रिया।
जज-वन विभाग को आदेश दिया जाता है कि चूंकि ग्रे हंस अब स्वस्थ हो चुका है इसलिए उसे आज शाम रिहा कर दिया जाये। अदालत की कार्यवाई समाप्त होती है।

दृश्य- तीन
(डाइनिंग टेबल के पास फारेस्ट आफिसर, थानेदार, शिकारी एवं एनजीओ महिला कार्यकर्ता खड़े हैं।)
शिकारी-मैडम आपने मुझे बचाने का जो वादा कल किया था आपने उसे पूरा किया। वरना मेरी जेल तो पक्की थी। आपके लिए जो तोहफा मैंने आपके घर भिजवाया था आशा है पसंद आया होगा।
महिला कार्यकर्ता-आप समझदार हैं।
थानेदार-भई हमें भी तो धन्यवाद तो। मामले को रफा-दफा करने में हमारी भी भूमिका कम नहीं।
शिकारी-यह भी कोई कहने की बात है। और फारेस्ट आफिसर साहब आप का गिफ्ट भी ठीक था न।
फारेस्ट आफिसर-हां जी हां। आपकी गिफ्ट लाजबाब है।
शिकारी-तो हंस साहब को आपने मुक्त कर दिया न।
फारेस्ट आफिसर-एकदम आजाद। ये रहे हंस साहब। हमारे खानसामा ने इन्हें हमारे लिये खास तौर पर बनाया है एकदम लाजबाब। आओ दोस्तो खाओ और हंस की आत्मा की शांति की दुआ मांगो। उन्हें मिल गयी है मुक्ति।
सब एक साथ-मुक्ति....। (सभी मिलकर जोर जोर से हंसते हैं-) मुक्ति हा हा हा हा मुक्ति...
------

Tuesday, 24 February 2015

पत्रकारिता को नयी भाषा व संवेदना के नये धरातल दिये प्रभाष जी ने

(

-अभिज्ञात

जिन कुछेक लोगों ने हिन्दी पत्रकारिता की विश्लेषणात्मक क्षमता और उसकी रीति-नीति का निरन्तर विस्तार, आविष्कार और परिमार्जन किया उनमें प्रभाष जोशी का नाम प्रमुखता से लिया जायेगा। धार और संवेदना की जैसी जुगलबंदी उनकी भाषा में दिखायी देती है वह हिन्दी पत्रकारिता में विरल होती जा रही है वरना पत्रकारिता की भाषा का इकहरापन चिन्ताजनक है। भाषा का छंद नारों से नहीं नीयत से आता है यह प्रभाष जी जैसों के लेखों से ही जाना जा सकता है। उनके श्कागद कारेश् शृंखला के आलेख न तो कभी पुराने पड़ने हैं और ना ही वे कभी अप्रासंगिक होंगे क्योंकि उनमें देश दुनिया का जनमानस लगातार अपनी टोह में लगा हुआ दिखायी देता है। हमारी घनीभूत चिन्ताओं की शक्ल क्या है ही उनमें नहीं दिखायी देती बल्कि यह भी कि उसके निहितार्थ क्या हैं या भी समझाने का महती प्रयत्न दिखायी देता है। मामूली और आम बातें, घटनाएं और लोग उनके आलेखों में आकर जो रूपाकार ग्रहण करते थे वह उन्हें एक सार्थक बहस का बेहद जरूरी हिस्सा बना देता था। मैं अक्सर समय के अभाव में उनका आलेख प्रकाशन के दिन नहीं भी पढ़ पाता था तो कई दिनों तक पुराने अखबार को रखे रहता था कि उनका आलेख पढ़ लूं तो फिर अखबार को रद्दी समूह के कागजों में डालूं। अक्सर उनके आलेख उन मुद्दों पर भी रहते तो ज्वलंत प्रश्नों से मुठभेड़ लेते थे उन आलेखों में उनकी खरी नीयत बोलती थी और साफगोई उसमें नया पैनापन देती थी। मुझे क्रिकेट में तो कभी दिलचस्पी नहीं रही फिर भी कभी कभार क्रिकेट पर लिखे लेखों को भी पढ़ने की कोशिश करता। क्रिकेट पर तो हिन्दी में शायद उनके जैसा दूसरा टिप्पणीकार न होगा।
मैंने कभी सोचा न था कि पत्रकार बनूंगा फिर भी अनायास ही पत्रकारिता से शौकिया जुड़ गया जनसत्ता कोलकाता से और स्ट्रिंगर बन गया.। उन दिनों मैं कलकत्ता विश्वविद्यालय से केदारनाथ सिंह पर पीएचडी के लिए शोध कर रहा था और अपने नानाजी के ठेकेदारी के कामकाज में हाथ बंटाता था। पेशे के तौर पर पारिवारिक स्तर पर तय हो चुका था कि नौकरी नहीं कारोबार करना है। उन्हीं दिनों दो एक बार प्रभाष जी को कुछ करीब से देखने का अवसर मिला। ऐसी दो एक सभाओं की कवरेज करने भी गया जिनमें प्रभाष जी वक्ता थे। उनमें एक सभा वह भी है जिसमें पं.विष्णुकान्त शास्त्री कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उस समय वे संभवतः भाजपा के लोकसभा सांसद भी थे। यह तो नहीं याद है कि सभा का मुख्य विषय क्या है किन्तु प्रभाष जी एनरान पर बोले थे और तत्कालीन भाजपा नीत सरकार की एनरान के मुद्दे पर भूमिका की जम कर मलामत की थी। अध्यक्षीय भाषण में विष्णुकान्त जी ने उनकी बातों का जवाब दिया था और उनके तर्कों को दरकिनार कर दिया था। ऐसा लगा था कि प्रभाष जी के तर्क कुछ कमजोर पड़ गये हैं। विष्णुकान्त जी अध्यक्षीय भाषण देकर सभा की समाप्ति की घोषणा भी कर दी। लेकिन प्रभाष जी विष्णुकान्त जी के तर्कों का फिर से जवाब देने से चूकना नहीं चाहते थे। वे लपक कर फिर माइक के पास पहुंच गये और कहा कि मुझे यह अनुशासन पता है कि अध्यक्षीय भाषण के बाद फिर वक्तव्य नहीं दिया जाता है लेकिन इस अनुशासन से बढ़कर भी कुछ बातें हैं जिसके कारण मैं फिर बोलना चाहूंगा और विष्णुकान्त जी या अन्य किसी और की सहमति की प्रतीक्षा किये बिना ही उन्होंने बची खुची कसर निकाल ली और फिर मंच से उतर कर तेजी से अपनी कार की ओर बढ़े। इधर, कई भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रभाष जी का वक्तव्य नागवार लगा और वे उन्हें घेरने का प्रयास करने लगे। वे जब तक कार में बैठते चारों ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेर लिया था और उन्हें अपशब्द भी कहने पर उतारू थे वह तो भी भीड़ का रुख देखकर विष्णुकान्त जी वहां पहुंचे और किसी प्रकार यह कहकर लोगों को गाड़ी के आगे से हटाया कि प्रभाष जी पत्रकार हैं और पत्रकारों को कुछ भी कहने की आजादी होती है, उन्हें कहने दीजिए। आप लोग संयम बरते।
दूसरी एक घटना मुझे याद है जो प्रभाष जी के अभिव्यक्ति की आजादी के प्रति उनके रवैये को स्पष्ट करती है। वह घटना है एक साहित्यक समारोह की है। उसमें प्रख्यात ललित निबन्धकार डॉ.कृष्ण बिहारी मिश्र प्रधान वक्ता थे। मंच से उन्होंने जनसत्ता की भाषा नीति की जमकर आलोचना की थी और नाम लेकर कहा था कि प्रभाष जोशी जैसे पत्रकार अपने आपको कबीर बनते हैं और भाषा से खिलवाड़ कर रहे हैं। पता नहीं पत्रकार किस हेकड़ी में रहते हैं। इस वक्तव्य में कुछेक हर्फ इधर उधर हो सकते हैं मगर लब्बोलुबाब यही था। उल्लेखनीय यह है कि वहां मंच पर प्रभाष जी नहीं थे वरना वे उसका जवाब स्वयं देते। मेरी ड्यटी इस कार्यक्रम की रिपोर्टिंग की लगी थी। मैंने जो रिपोर्ट लिखी थी उसमें मैंने इंट्रो ही प्रभाष जी के भाषा सम्बंधी रुझान पर कृष्णबिहारी जी की आपत्ति को बनाया था। मामला संवेदनशील होने के कारण डेस्क ने रिपोर्ट की कापी कोलकाता के स्थानीय सम्पादक श्री श्याम आचार्य तक पहुंचायी और उन्होंने उसे दिल्ली फैक्स किया ताकि उसके प्रकाशन के सम्बंध में प्रभाष जी की राय ली जा सके। और राय हां में थी। वह रिपोर्ट उसी प्रकार प्रकाशित हुई। सचमुच प्रभाष जी ने पत्रकारिता की भाषा को जनभाषा के करीब लाने का न सिर्फ प्रयास किया बल्कि भाषा की शास्त्रीयता की दुहाई देने वालों से इस मोर्चे पर लोहा भी लिया जिसकी यह घटना उदाहरण है।
प्रभाष जी के मालवा अंचल और कुमार गंधर्व पर कई लेख जब तक पढ़ने का मौका मिलता रहा था। जब मैं अमर उजाला, जालंधर से वेबदुनिया डाट काम में कार्यभार संभलाने के लिए इंदौर गया तो इंदौर से पहले ही वह स्टेशन देवास मिला जिसके बारे में मैं पर्याप्त पढ़ चुका था और इंदौर भी मुझे इसलिए भी पहले से परिचित और मोहक लगा। प्रभाष जी के आलेख में वह शक्ति है जो अर्थ ही नहीं पूरी संवेदना को पाठक तक पहुंचाती है। एक ही संस्थान होने के कारण कुछेक बार मुझे वेबदुनिया कार्यालय से नयी दुनिया कार्यालय जाने का मौका मिला था तो वहां भी प्रभाष जी की चर्चा सुनी थी जहां से उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। वेबदुनिया कार्यालय में भी अक्सर राजेन्द्र माथुर, शरद जोशी आदि के साथ चर्चा होती थी, जिनसे नई दुनिया का प्रगाढ़ रिश्ता था। इन चर्चाओं ने मुझे उनका फैन बना दिया था। पत्रकारिता के तुरतफुरत के भाषिक और प्रतिक्रियाशील व्यवहार को नयी ऊंचाई और दिशा देने में प्रभाष जी के योगदान को मैं नमन करता हूं।

Saturday, 17 May 2014

बंगाल में लाल लगभग बेदखल, ममता का जादू कायम

-डॉ.अभिज्ञात 
कोलकाता -देश भर में चली मोदी लहर से पश्चिम बंगाल भी अछूता नहीं रहा किन्तु यह असर लाल दुर्ग के ध्वांसावशेष पर पड़ा और ममता बनर्जी अपराजेय रहीं। उनके नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उसने पिछले लोकसभा चुनाव में 19 सीटें हासिल की थी इस बार उसे 34 सीटें मिली हैं। वामपंथी सीटों पर कब्जा करते हुए राज्य से लगभग बेदखल कर दिया। वे अपना जनाधार बचाने में कामयाब रहीं और राज्य में हुए सारधा घोटालों में अपनी पार्टी की संलिप्तता का नाम उछाले जाने और मामले की सीबीआई जांच का सामना करने जा रही ममता ने बंगाल की राजनीति के ढर्रे को को ही बदल कर रख दिया है। चुनावी नतीजे इस बात का संकेत दे रहे हैं आने वाले समय में भले कांग्रेस की स्थिति कमोबेश जस की तस बनी रही है और उसे केवल चार सीटें मिलीं, किन्तु यहां अब भाजपा भी राजनीति में अपनी उपस्थिति दर्ज करायेगी तथा वामदलों का स्थान तृणमूल लेने जा रही है। वामदल 15 सीटों से सिमट कर दो पर आ गये। माकपा को केवल दो सीट मिली उसके अन्य दलों को सिफर हाथ लगा। राज्य के अल्पसंख्यकों की सरपरस्त के तौर पर ममता ने अपनी छवि बना ली है और मुस्लिम वोट बैंक पर अपना हक समझने वाले वामदलों से उसने यह हथिया लिया है। देश भर में चली रही मोदी लहर से किसी हद तक तृणमूल के चुनावी नतीजे अप्रभावित रहे तो इसलिए कि अल्पसंख्यक मतों का ध्रुवीकरण उनके पक्ष में हुआ। उन्होंने अपने तेवर व गतिविधियों से यह साबित किया है कि वे साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने वाली एक जुझारू नेता भी हैं और आने वाले समय में वे राष्ट्रीय स्तर अपनी इस छवि का विस्तार करेंगी, जो अब तक वामदलों की थी। हिन्दीभाषियों को बंगाल में गेस्ट बताने वाली ममता ने चुनाव प्रचार के आखिरी दिनों में अपनी गलती को सुधार लिया था और लगातार हिन्दीभाषियों को अपना बताने मेंं जुटी रहीं, जिसका उन्हें लाभ पहुंचा। वामपंथियों ने ऐसा नहींं किया था और ममता ने भी ऐसा पहली बार किया जिसका उन्हें लाभ मिलता रहेगा। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अपनी तीखी टिप्पणियों के जरिये भी उन्होंने यह संदेश दिया है। यहां यह भी गौरतलब है कि राज्य में भाजपा के वोटों का प्रतिशत बढ़ा है।
तृणमूल की उपलब्धियों में पूर्व रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के नेता दिनेश त्रिवेदी की बैरकपुर लोकसभा सीट पर माकपा की सुभासिनी अली से 1,01,373 वोटों जीत को विशेष तौर पर उल्लेखनीय माना जा सकता है क्योंकि उनके रिश्ते कुछ अरसा पहले ममता से खटासभरे हो गये थे। त्रिवेदी ने अपनी सीट बरकरार रखी है। चुनावी नतीजों में कांग्रेस की दीपा दासमुंशी अपने पति प्रियरंजन दासमुंशी की परम्परागत सीट से हार गयी हैं। इस चुनाव में ममता ने फिल्म व ग्लैमर की दुनिया से जुड़ी हस्तियों शताब्दी राय, देव, मुनमुन सेन, संध्या राय, तापस पाल को पार्टी प्रत्याशी बनाया था जिस पर खुद उनकी पार्टी में किसी हद तक असंतोष था किन्तु चुनावी नतीजों ने यह साबित कर दिया कि वे सही थीं।
राज्य की दो सीटों पर भाजपा को अच्छी बढ़त मिली और आसनसोल से पाश्र्व गायक बाबुल सुप्रियो और दार्जिलिंग से एसएस आहलुवालिया ने जीत हासिल की है। भाजपा को इस बार एक सीट का फायदा हुआ। राज्य के भाजपा प्रमुख राहुल सिन्हा का मानना है कि तृणमूल विरोधी वोटों का कांग्रेस, भाजपा व वाम में बंटवारा हुआ जिसके कारण तृणमूल मजबूत दिखायी दे रही है, अगले चुनाव तक तृणमूल विरोधी वोटों भाजपा के पक्ष में ध्रुवीकरण होगा।
वामदलों की बंगाल से बेदखली का कारण भले उसके नेता बूथ दखल रीगिंग बता रहे हों किन्तु इसमें केवल आंशिक सच्च्चाई है। विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में तृणमूल से अपनी शर्मनाक पराजय के बाद भी वामदलों आत्मालोचना के लिए तैयार नहीं दिखायी दिये। सांगठनिक स्तर पर जो भी बदलाव हुए वह लीपापोती और धड़ाबंदी के स्तपर ही हुआ और ना ही सिद्धांतों में किसी आमूलचूल परिवर्तन की बात उन्होंंने की इसलिए तृणमूल से असंतुष्ट लोगों को लिए भी लोग वामपंथियों को राजनीतिक विकल्प बनने योग्य नहीं मानते हैं, इसलिए यथास्थिति बनी रहेगी या नये राजनीतिक विकल्पों को तलाश की जायेगी।

Sunday, 13 October 2013

विज्ञान ने पुराने भय मिटाए पर नए खड़े किए

शिवनारायण सिंह अनिवेद से डॉ.अभिज्ञात की बातचीत
(नोट-एक पुरानी बातचीत की अत्यंत विलम्ब से प्रस्तुति)

  
सुपरिचित युवा कवि और चित्रकार शिवनारायण सिंह अनिवेद मानव संसाधन मंत्रालय में उपसचिव हैं। दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में उनकी कला की एकल प्रदर्शनी कास्मिक सैलिब्रेशन लगी, जिसने उन्हें चर्चाओं के बीच ला खड़ा किया। कास्मिक सैलिब्रेशन नाम से उनकी एक पुस्तक भी आई है जिसमें उनकी पेंटिंग और हिन्दी कविताएं अंग्रेजी में अनुवाद और उनके कला व काव्य मर्म को उद्घाटित करने वाली टिप्पणियों के साथ आई। उन्हें पेंटिंग के लिए ललित कला अकादमी का पुरस्कार भी मिल चुका है। वे इधर कलकत्ता आए थे। प्रस्तुत है उनसे साहित्य, कला और प्रशासकीय कर्म के बारे में बातचीत-


- विज्ञान और कला दो विभिन्न धाराएं मानी जाती हैं। यहां तक कि एक को दूसरे के विपरीत दिशा वाली भी लगती है। आप तो फिजिक्स के छात्र रहे हैं। एक कलाकार के नाते आपका क्या अनुभव रहा?
सभ्यता के शुरुआत में जाएं। 50 हजार साल पहले वर्तमान मानव का प्रारंभिक दौर वह रहा। उसका मानव मन, कवि हृदय क्या विजुअलाइज करता था या सोचता था। मानव मन की टकराहट अपने आस-पास की प्राकृतिक दुनिया से हुई। उसके अंदर दो प्रतिक्रियाएं हुई। भय और आस्था की। संशय की प्रतिक्रिया हुई तो उसने विज्ञान (भौतिक शास्त्र) को जन्म दिया। आस्था की जो प्रतिक्रिया जन्मी उसने कला-साहित्य को जन्म दिया। मानव मन की जो मुख्य धाराएं हैं भय और आस्था। भय की जो मूल मानव दृष्टि है वह आज भी बरकरार है। हालांकि मुमकिन है आज जो भय की वजहें हैं उनका कारण कल विज्ञान ढूंढ लेगा। लेकिन तब नए भय भी होंगे। वे भय विज्ञान की प्रगति से उपजे भी हो सकते हैं। अर्थात एक ओर तो विज्ञान और वह नए भय भी पैदा कर रहा है। विज्ञान निर्भय नहीं कर रहा। दूसरा क्षेत्र आस्था का है। वही मनुष्य की सर्जनात्मकता को बचाए हुए है।

इस तरह देखा जाए तो मानव मन में जो फिजिक्स सेंस है, जो विजुअल आर्ट से जुड़ा है। विज्ञान और कला दोनों एक- दूसरे के निषेध बिन्दु पर नहीं, बल्कि पूरक ही है। एक बात यहां यह उल्लेखनीय है कि विज्ञान की सीमा है। कला विज्ञान से आगे चली जाती है। मूल विषय ज्ञान है। कला के मूल में आत्मा है। आत्मा से उपजी सर्जना है, विज्ञान से अधिक स्थायी व गहरी।

- आत्मा की बात आप कह रहे हैं। क्या आप आध्यामिकता पर विश्वास करते हैं?
आत्मा जिसे हम कहेंगे, सोचे-समझें। वह मिथिकल नहीं है। उसे आध्यात्मिक शक्ति कहें। सही ढंग से अंग्रेजी में कहूं कि इमोशनल स्ट्रेंथ ऑफ ह्यूमन बिइंग से हैं। तमाम बाहरी दुनिया की अबूझ चीजों को समझने के लिए बेहतर भौतिक दुनिया बनाने की आवश्यकता है। भय से बाहर आतंक से मानव निजात पाने के लिए अग्नि का आविष्कार हुआ। भोजन की व्यवस्था हुई। वही विज्ञान यात्रा न्यूटन से होती हुई, रोबोट, कम्प्यूटर से इंटरनेट तक पहुंची है। मगर यह नहीं भूलना होगा कि विज्ञान के भय या संत्रास का संतुलन पैदा करने के लिए आस्था से उपजी सर्जनात्मक कला और साहित्य की बेहद जरूरत है।

- विज्ञान और कला का योगदान क्या एक ही तराजू में तौला जा सकता है। दोनों के योगदान में भिन्नता क्या है?
विज्ञान ने सभ्यता का विकास किया, जबकि कला ने संस्कृति का। दोनों के बीच संतुलन का बिगड़ना ही मानव जीवन की सबसे बड़ी ट्रेजडी है। खुद मेरी कला की सोच का मूल बिंदु यही है। प्रकृति व अन्य जीवों का जो गैर भौतिक पहलू है वह जाग्रत है। मार्क्स ने उसे सुपर कांसेस मटेरियल कहा है। वही मानव है। एक संवेदनशील मानव कितना ही विज्ञान का प्रखर समर्थक हो बार-बार लगता है कि मानवीकरण की जो प्रक्रिया है वह संस्कृति ही हो सकती है। मेरा मानना है साइंसेस मार्डनाइज द सोसाइटी, सोसल साइंस मार्डनाइज द ह्ययूमन बीइंग, एंड आर्ट एंड कल्चर ह्ययूमनाइज द ह्ययूमन।

- आपकी कला में अमूर्तन दिखाई देता है, जबकि भारतीय संस्कृति की बात करतें हैं, जबकि अमूर्तन के बारे में आम अवधारणा यह है कि यह पश्चिमी कला शैली है।
यह भ्रांत धारणा है कि अमूर्तन पश्चिमी कला शैली है। अमूर्तता का सबसे पुराना उदाहरण शिवलिंग है। वह भारत में मिला। भारत के पुरातात्विक अवशेष हैं फैलस। वही सबसे पुराना है। हिन्दुस्तान के हर कोने में इस अमूर्त बिंब के प्रति जो आम भारतीयों की आस्था है, उससे मैं प्रभावित रहा। इससे लगातार प्रेरित हुआ कि जो अमूर्तता का इतना शक्तिशाली प्रमाण कला व संस्कृत में भारतीय चित्रकला अमूर्त रही है। वैनगाग के बजाय हमें अपनी कला की ओर ध्यान देना होगा। फैलस को ही मैं कला की अमूर्तता का आधार मानता हूं। आस्था से जुड़ा पहलू प्रभावित करता है। वह धार्मिक उपयोग की शै नहीं है। भारतीय किसानों की पृथ्वी के प्रति उपजाऊपन की आस्था का प्रतीक है। देश के कोने-कोने की जनजातियों में लिंग या शिवलिंग का फर्टीलिटी कल्ट के रूप में प्रमाण पाया गया है। मानव की उत्पत्ति विकास हरास से जुड़ा हुआ है। लिंग या फैलस मानव, जीव और पौधों की उत्पत्ति का प्रमाण है। संस्कृति के जीवन में शिवशक्ति इस सोच की एक समकालीन व्याख्या करती है।

- तंत्र-मंत्र के बारे में आपकी क्या धारणा है?
भारतीय कला के कलात्मक प्रमाण के तांत्रिक या धार्मिक प्रयोग को व्याख्या दे दी गई है। 200 सालों के उपनिवेशिक शासन ने भ्रम खड़ा किया है। धार्मिक या तमाम आग्रहों को समयलीन नहीं रहने दिया। शुरू से समकालीन रहा है। कोणार्क या खजुराहो जीवन के उत्सव को अभिव्यक्त करते हैं। दर्द, पीड़ा, वेदना सब में है। भारतीय कलात्मक मूर्ति चित्रों के उत्सव के रूप में व्यक्त करता है। रहस्य-सा बना है। विदेशियों के लिए समझ पाने की कमी ने भ्रम पैदा करने वाले विशेषण दिए हैं। प्रजातांत्रिक दौर में बंधन नहीं काल्पनिकता है। दो धाराएं सोच की रही है। इंटरनल अर्ज एक्सप्रेशन पाता है।

गांव अपने आस-पास के समाज व्यवस्था की जो अभिव्यक्ति है शब्दों के माध्यम से अधिक हो पाती है। रंगों से आप प्रभावकारी बयान दे सकते हैं। बाहर दुनिया के बारे में उसी रूप में संप्रेषित करना उस बात को उसी तरह से पहुंचना शब्द से हो पाता है। चूंकि मेरा मूल प्रयास है कि कला साहित्य का एक संदर्भ हो। संदर्भविहीनता सामग्रीकरण की परिधि में बंध कर न रह जाए। रंगों व शब्दों के परस्पर प्रयोग के माध्यम से समकालीन भारतीय सोच व संदर्भ में सार्थकता पाई है।

Wednesday, 4 September 2013

अपनी गज़लों के लिए भी अलग से पहचाने जायेंगे महेंद्र शंकर

समीक्षा

-डॉ.अभिज्ञात

पुस्तक का नाम-मतला अर्ज़ है/लेखक-महेंद्र शंकर/प्रकाशक-प्रज्ञा प्रकाशन, 1/सी/4 शिमला शतघड़ा रोड, एक्सटेंशन रिसड़ा, पो.-प्रभास नगर, जिला-हुगली-712249/मूल्य-60 रुपये 

सुपरिचित नवगीतकार महेंद्र शंकर 'मंदिर में शंख बजे' के प्रकाशन के साथ खासे चर्चित हुए थे। इस संग्रह के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, लखनऊ का पुरस्कार भी मिला था। उनके मरणोपरांत उनकी गज़लों का संग्रह आया है-मतला अर्ज़ है। इस संग्रह से उनके काव्य व्यक्तित्व को एक नयी आभा और एक और विशिष्ट पहचान बनती है। उनके प्रशंसकों के लिए यह संग्रह एक नायाब उपहार है। अपने समय की लोकप्रिय पत्रिका 'वासंती' के जरिए उन्होंने साहित्यकारों की एकाधिक पीढ़ी तैयार की थी, जो न सिर्फ़ उनके सम्पादन से रचनात्मक ऊर्जा प्राप्त करती रही, बल्कि मार्गदर्शन भी पाया। उन्होंने 'त्रिविधा' पत्रिका का भी सम्पादन किया था। इस प्रकार अपनी रचनात्मक मेधा से उन्होंने साहित्य की सेवा भी की और साहित्य कर्म को संजीदगी से लेने वालों की जमात भी तैयार की। उन्हीं के एक शेर से यह बात कही जाये तो-'चूम ले एक खार हौले से। पूरी टहनी गुलाब हो जाये।'
महेंद्र जी के योगदान की चर्चा करते हुए प्रख्यात कवि केदारनाथ सिंह का कहना है कि 'नयी कविता के समय के कवि महेंद्र लोक जीवन के सभी पक्षों को उजागर करने वाले प्रगतिशील चेतन के अकेले तेज कवि थे।..लिखना तो उन्होंने 1950 के बहुत पहले से शुरू किया था लेकिन 1957 से नवगीत के एक समर्थ कवि के रूप में उन्हें स्वीकृति मिली।' महेंद्र शंकर के रचनात्मक योगदान की चर्चा करते हुए कवि शलभ श्रीराम सिंह ने कहा है कि महेंद्र के गीत लोक शिल्प व लोक शब्द तथा लोक बिम्बों के कारण अति बौद्धिकता से बच गये हैं। वहीं मृत्युंजय उपाध्याय का मानना है कि उनके नवगीतों में भाव, विचार, बुनावट, भाषा के नये शब्दों का प्रयोग तथा बिम्बों का बड़ा ही अद्भुत मगर सहज प्रयोग हुआ है।
महेंद्र शंकर ने लगातार अपनी रचनात्मक परिधियों का विस्तार किया और नयी रचनात्मक चुनौतियों से लोहा लेते रहे। उन्होंने कहानियां, $गज़लें और मुक्त छंद की कविताएं भी लिखीं। उनकी बहुत सी रचनाएं पुस्तकाकार प्रकाशित नहीं हैं। यह सुखद है कि उनके रचनाकार सुपुत्र एस आनंद ने उनकी गज़लों के इस संग्रह के प्रकाशन का उपक्रम किया और आशा है वे उनकी अन्य कृतियों को भी प्रकाशित कराने का बीड़ा उठायेंगे।
मौजूदा संग्रह में महेंद्र जी की गज़लों में मौसम की चिन्ता रेखांकित करने योग्य है। उनके कई शेरों में यह व्यक्त हुई है, यथा- 'मौसम का क्या मिजाज है, कुछ कह नहीं सकते/किस ओर का परवाज है कुछ कह नहीं सकते। कितनी गरज, तड़प है आकाश के भीतर/किस पर गिरेगी गाज कुछ कह नहीं सकते।' एक अन्य $गज़ल का शेर देखें-'मौसम के मन में चोर, फूल अनखिले रहे/ हर ओर अजब शोर फूल अनखिले रहे।' 
महेंद्र की गज़लों में भले उर्दू शब्दों को भी प्रयोग हुआ है किन्तु उनकी भावभूमि और मुहावरेदारी हिन्दी कविता की ही है। इस मामले में वे दुष्यंत और चंद्रसेन विराट, नीरज जैसों की परम्परा में हैं-'एक परिचित स्वर विजन में पास आ जाये तो क्या हो/साथ का छूटा मुसाफिर साथ पा जाये तो क्या हो। पेड़ से लिपटी हुई है छांह बेसुध चांदनी में/चांद पर यदि बादलों का रंग छा जाये तो क्या हो।' एक अन्य गजल़ की बानगी देखें- 'इतना वक्त कहां है कि तुमसे बात करें/बिना नैवेद्य चलें और बारात करें। नरसी मेहता की तरह हममें चमत्कार नहीं/गर्म जल शीत करें, जर की बरसात करें।' महेंद्र जी की गज़लों में मौजूदा वक्त की विसंगतियां भी व्यक्त हुई हैं और नर्म खयाल भी। धड़कता हुआ दिल भी है और टीस और विरह भी। संग्रह में अन्नामलाई पर्वत पर लिखी गयी रुबाइयां अलग से पाठक का ध्यान आकृष्ट करती हैं।

Tuesday, 20 August 2013

मनोविज्ञान की गहरी सूझ वाली कहानियों का आत्मीय संसार

समीक्षा 
 -डॉ.अभिज्ञात
पुस्तक का नाम-स्याह लहरों का ध्रुवतारा/लेखक-नंद किशोर/ प्रकाशक-श्री प्रकाशन, 32 सरकार लेन, कोलकाता-700007/ मूल्य-पेपरबैक-80 रुपये व सजिल्द 150 रुपये मात्र।
कवि-चित्रकार नंद किशोर का पहला कहानी संग्रह स्याह लहरों का ध्रुवतारा पाठकों को एक ऐसे आत्मीय संसार में ले जाता है जो हमारा बहुत जाना पहचाना भले न हो किन्तु वह कहीं से पराया नहीं लगता। यह कथाकार की रचनात्मकता की खूबी है कि वह अपने साथ हमें अपने अनुभूत और काल्पनिक जगत में इस तरह ले जाता है कि वह बड़ी सहजता से हमारा अपना भी बन जाता है। भाषा न तो आक्रांत करती है और ना ही अपनी ओर अलग से ध्यान खींचती है। पाठक का पूरा ध्यान इस बात पर रहता है कि कथानक के चरित्र के साथ क्या घटा। ये चरित्र केवल कथानक तक सीमित नहीं रह जाते बल्कि हमारे अनुभव संसार एक ऐसा हिस्सा बन जाते हैं जैसे वे हमारी दुनिया में प्रत्यक्ष आया हों और उनके साथ जो कुछ घटित हुआ वह हमारे सामने ही हुआ। इन कहानियों को घटनाक्रम ही कहानी नहीं बनाते बल्कि संवेदन तत्त्व भी उसमें केंद्रीय भूमिका निभाते हैं। मनोविज्ञान की गहरी समझ ने इन्हें अतिरिक्त अर्थवत्ता प्रदान की है और कई कहानियां मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के लिहाज से भी याद किये जाने योग्य हैं। हिन्दी कहानी में मनोविज्ञान की गहरी सूझ की उन्हें इलाचंद जोशी, जैनेन्द्र व अमरकान्त की कथा परम्परा से जोड़ती है। इस लिहाज से संग्रह की पहली दो कहानियां 'कुएं का बर्फीला सन्नाटा' व 'इनविटेशन' द्रष्टव्य है। 'कुएं का बर्फीला सन्नाटा' कहानी के मुख्य पात्र तकी अहमद की कुंठाओं का प्रभावी मनोविश्लेषण कथाकार ने किया है। उसकी पीठ पर कूबड़ था और वह इसे प्राकृतिक अभिशाप को कभी दिल से स्वीकार नहींं कर पाता है। उसे हर वक्त लगता रहता है कि उसके परिवार के लोग उसकी उपेक्षा कर रहे हैं। हाई स्कूल में अच्छे अंकों के बावजूद वह कालेज में एडमिशन नहीं लेता और अन्तत: वह अपने दोस्तों, घर-परिवार के लोगों की आत्मीयता को भूलकर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर लेता है। 'इनविटेशन' कहानी में खदान का सीनियर मैनेजर पर्सनल अपने घर पर काकटेल पार्टी में कई मजदूरों को भी बुलाता है। जिसमें अफसर, यूनियनों के नेता, ठेकेदार, क्लर्क व एजेंट भी बुलाये गये हैं। इस दावत में मजदूरों को निमंत्रण क्यों दिया गया है यह कहानी के मुख्य पात्र बूधन पासवान का पड़ोसी चटर्जी दा समझाते हैं कि प्रबंधन-श्रमिक का करीबी रिश्ता उत्पाद को प्रभावित करता है, इन्हीं कवायदों में पार्टी वार्टी मात्र एक प्रबंधकीय टैक्टिस है। किन्तु बूधन उनकी गूढ़ लगती बातों को नहीं समझ पाता। पार्टी में जाने का उत्साह व सब कुछ बेहतर हो जाने की कल्पना आदि के लिए इस कहानी में मजदूर की मन:स्थिति का बेहद विश्वसनीय मनोवैज्ञानिक विश्लेषण किया गया है। कहानी का क्लाइमेक्स अत्यंत नाटकीय अंदाज में होता है जब बुधन पार्टी में विदेशी शराब के नशे में बेसुध होकर गिर जाता है और जब उसे होश आता है तो पाता है कि पार्टी देने वाला जो अफसर उसे महान नजर आ रहा था वह अपनी पत्नी के आगे भीगी बिल्ली बना हुआ है और उसकी बीवी उसे फटकार रही है-जाने तुम कहां-कहां से भिखारियों को उठाकर ले आते हो..यह कंगाली रात भर उल्टियां करता रहा।....उसे अभी घर से बाहर निकालो और पूरा बंगला फिनाइल, डिटाल से रगड़कर साफ करो...। दूसरी तरफ 'मसालों का सौदागर' जैसी कहानियां भी हैं जिनमें यथार्थ और फेंटेसी का ऐसा समन्वय है कि वह पाठक को एक अन्य लोक में ले जाता है जहां सच झूठ के प्रश्न बेमानी हो जाते हैं और पाठक दिल थामे इस बात का इन्तजार करता है कि अब क्या होने वाला है। 'एक था रतन', 'फातिहा' और 'ठंडी चाय' कहानियां व्यक्तियों के अलग-अलग रूप प्रस्तुत करती हैं और अलग-अलग दुनियाओं में ले जाती हैं जहां हम व्यक्ति की खूबियां-खामियों, उसकी आशा-निराशा और इनमें रोजमर्रा की जि़न्दगी के घात-प्रतिघात से पाठक का साबका होता है। नंद किशोर का यह पहला संग्रह यह दर्शाता है कि उनके अंदर कई दुनियाएं हैं, जिनसे कहानी की दुनिया और समृद्ध होगी।

Wednesday, 15 May 2013

समय सापेक्ष नैतिकताओं का सृजन

समीक्षा-डॉ.अभिज्ञात
साभारः आलोचना, जुलाई-सितम्बर 2013
लावण्यदेवी/लेखिका-कुसुम खेमानी/प्रकाशक-राजकमल प्रकाशन प्रा.लि., 1-बी, नेताजी सुभाष मार्ग, दरियागंज, नयी दिल्ली-110002/मूल्य-300 रुपये

'लावण्यदेवी' डॉ.कुसुम खेमानी का पहला उपन्यास है जिसमें लेखिका ने एक जीवन दर्शन प्रस्तुत किया है, जो व्यवहारिकता पर आधारित आध्यात्म का पथ है। यह जीवन की एक नयी राह का अन्वेषण है जिसमें अपने सुख-दुख के साथ-साथ परोपकार भी शामिल है। राग और विराग की एक विलक्षण संधि इस उपन्यास में मिलेगी, जो पाठक को जीने का एक नया सलीका देती है। यह विवेकवाद पर आधारित पथ है, जो सिर्फ त्याग नहीं सिखाता बल्कि त्याग का नया अर्थ और वैकल्पिक मार्ग देता है। यह उस व्यवहार से मिलता-जुलता है जो वारेन बफे ने शुरू किया है, जो अपनी मेधा और श्रम से कमाई दौलत का एक बड़ा हिस्सा लोकहित में खर्च करने को सार्थक मानता है।
अपने जीवन के उत्तरकाल में संन्यासी सा जीवन जीते हुए अपने समर्थकों से एक जगह लावण्यदेवी कहती है-'हमें भी जीवन में दुनियादारी निबाहते हुए उच्चतर मूल्यों के लिए काम करना चाहिए। देह के धर्म को उसका प्राप्य देते हुए मनुष्य जब अपने विवेक से काम करता है, तो आधिभौतिक तत्त्व आधिदैविक तत्त्वों की प्राप्ति में अड़चन नहीं डालते। फलस्वरूप हमारे मन, वचन तथा कर्म तीनों ही सुंदर हो जाते हैं।... अपनी देह से प्रेम करते हुए उसका प्रयोग लक्ष्य-प्राप्ति की सीढ़ी की तरह कीजिए।' (पृष्ठ 77)  उपन्यास की गति तेज है। इसमें धीमे-धीमे घटित होता जीवनक्रम नहीं है, बल्कि कई पीढिय़ों के अनुभवों को एक दूसरे के बरअक्स देखने का उपक्रम है। इसमें पिछड़ी पीढ़ी कई बार नयी पीढ़ी से सीखती है तो वहीं बड़ी सहजता से बिना किसी दबाव के नयी पीढ़ी को बहुत कुछ सीखाती है। मामूली लगते अनपढ़ और अनगढ़ पात्र भी उच्च शिक्षा प्राप्त पात्र को बिना कहे सिखाते हैं। यह उपन्यास एक तरह से कई पीढिय़ों और कई वर्गों के बीच वैचारिक विमर्श और उनमें सामंजस्य की महती भूमिका निभाता है। किसी एक विचार को सायास थोपने या किसी विचार सूत्र को पात्रों के माध्यम से लादने की कोशिश इसमें नहीं मिलती बल्कि तमाम विचारों को आमने-सामने रखकर व्यावहारिक पथ निकालने की कोशिश दिखती है। आम सहमति बनाने का प्रयास हर जगह है। इस उपन्यास में जगह-जगह समाज में समझे समझाये और लगभग रूढ़ हो चुके आदर्शों को बौना करते विमर्श मिल जायेंगे। उपन्यास दरअसल जीवन का एक खंड नहीं अपितु पूरा एक जीवन होता है अपनी तमाम खूबियों और खामियों के साथ। मनुष्य की जय-पराजय, उत्थान-पतन, राग-विराग, लोभ और त्याग के प्रश्नों को यह उपन्यास पूरी शिद्दत से उठाता है और उसे एक विशेष अन्वति तक पहुंचाता है। लावण्यदेवी उपन्यास एक बंगाली सम्पन्न परिवार से जुड़ी पांच पीढ़ी के लोगों की गाथा है जिसमें उनके उत्थान-पतन, कार्यशैली, रहनसहन और सोच के ढर्रे को उसकी पूरी बनावट और बारीकियों से साथ चित्रित किया गया है। लेकिन जिस चीज पर लेखिका का फोकस है वह है धनवान लोगों का सामाजिक योगदान। धन का लोकहित में उपयोग। अब तक पूंजी का शोषणमूलक स्वरूप ही साहित्य में मुख्यतौर पर प्रस्तुत किया जाता था। धनवान की और अधिक धनवान होने की होड़, उसकी ओर से गरीब और मजबूर लोगों का किया जाता आर्थिक शोषण। यह उपन्यास पूंजी के सामाजिक योगदान को रेखांकित करता है और दौलतमंद लोगों के बारे में रूढ़ विचारों को बदलता है। पूंजी के इर्द गिर्द रहने वालों के उदात्त चरित्र को उजागर करता है। इस प्रकार साहित्य की दुनिया में एक नया प्रयोग इस उपन्यास में है। सम्पन्न परिवार के आदर्शवादी कई युवा और बुजुर्ग पात्र इस उपन्यास में अलग-अलग तरीकों से समाजसेवा और जनहित के कार्यों में अपने जीवन को खपा देते हैं या फिर अपनी कमाई का बहुत बड़ा हिस्सा ऐसे कार्यों के लिए दान कर देते हैं। उदात्त पात्रों में स्वयं कथानायिका लावण्यदेवी के अलावा नशाखोरी उन्मूलन से जुड़ी प्रियंवदा भी है, जो एक तमिल वैभवशाली खानदान की बेटी और दूसरे वैभवशाली खानदान की बहू है।
समाजसेवा के कार्य में बुजुर्ग और प्रौढ़ लोग ही नहीं हैं युवा भी हैं। लावण्यदेवी की प्रेरणा से उनकी युवा पौत्रियां मंजुलिका और मालविका भी समाजसेवा के कार्यों में जुट जाती हैं, एक ने नशा उन्मूलन के कार्यों में अपने को जोड़ा तो दूसरी ने सोनागाछी की वेश्याओं की समस्याओं के निवारण में। उपन्यास में समाज कल्याण और सुधार की दिशा में सक्रिय लोगों की विश्वस्त दास्तान है। लावण्यदेवी की नानी भी ऐसे ही कार्यों से जुड़ी थी। उपन्यास का यह रुझान और मिशन से जुड़े पात्रों की समाज सुधार की परिकल्पनाओं के कारण प्रेमचंद का 'सेवासदन' नारी चरित्र के उत्कर्ष के संदर्भ में यशपाल के 'दिव्या' जैसे उपन्यासों की याद दिलाता है। तिक्त अनुïभव इस उपन्यास में लगभग नहीं हैं क्योंकि पात्रों के अंदर की खामियां उनके समूचे व्यक्तित्व को नहीं ढक पाती हैं, उनमें कहीं न कहीं पछतावा है जो अपनी परिधि तोड़कर समाज सुधार के व्यापक विमर्श से जुड़ जाता है। जीवन की उदात्तता की ओर जाता यह उपन्यास कई मूल्यों को एक साथ साधता है और अपने बहुआयामों के साथ इसकी अर्थवत्ता को प्रकट करता है। एक जगह कुसुम जी कहती हैं-'सांस्कृतिक और सामाजिक एकता की इससे बड़ी परिकल्पना और क्या हो सकती थी कि एक आदमी अपने व्यक्तित्व में अपने संस्कार, अपनी भाषा, अपने उच्चारण, अपने रीति रिवाज आदि समेटे हुए धुर विपरीत प्रदेश में आकर उस स्थान के संस्कारों को स्वयं में और स्वयं के संस्कारों को उस स्थानीय समाज में समावेशित कर उत्कृष्ट मूल्यों की स्थापना करे। एक संस्कृति की दूसरी संस्कृति में घालमेल, यह बिखरे भारत की अखंडता के लिए भी अनिवार्य थी।' (पृष्ठ- 92)
रांग साइड आफ द बेड् वाले नाजायज रिश्तों से लेकर गे और लेस्बियन सम्बंधों की भी इस उपन्यास में चर्चा है किन्तु इन सम्बंधों को हिकारत से नहीं देखा गया है बल्कि उसके व्यावहारिक पहलुओं के साथ उसके उजले पक्ष को ही लेखिका सामने लाती हैं। अपनी बात कहने के लिए जगह जगह लोककथाओं और पौराणिक प्रसंगों का बखूबी प्रयोग उन्होंने किया है। भाषा परिष्कृत और आध्यात्मिक और वैचारिक पहलुओं को उजागर करने में समर्थ है। आध्यात्मिकता की व्याख्या करते हुए उन्होंने एक जगह कहा है-'साधारण आदमी के लिए स्वयं से और मेरे-तेरे की ममता से ऊपर उठकर नाम, यश और अर्थ लाभ की कामना किये बिना दूसरों के लिए कोई अच्छा काम करना क्या अध्यात्म नहीं है?' (पृष्ठ 97) शिक्षा की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा है-'शिक्षा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि शिक्षा आदमी के व्यक्तित्व को विस्तार देती है और वह जीवन की ओछी क्षुद्रताओं से ऊपर उठकर स्वयं का और दूसरों का विकास करना चाहता है।' (पृष्ठ 87) यह उपन्यास वृहत्तर अर्थों में समय सापेक्ष नैतिकताओं का सृजन है। जो लोग यह मानकर चलते हैं कि यह समय घोर अनैतिकताओं का है और हर मूल्य टूट कर बिखर रहे हैं, उन्हें यह जरूर पढऩा चाहिए। क्योंकि इस उपन्यास में यह अहसास बराबर बना रहता है कि हर नयी पीढ़ी अपने समय के साथ कुछ पुरानी पड़ गयी नैतिकताओं से असहमत होती है तथा कई बार उन्हें सीधे-सीधे खारिज कर देती और कई बार उनके साथ मजबूरन समझौता कर उन्हें केवल ढोती है। उसे लगता है कि कुछ मूल्य और नैतिकताएं पुरानी पीढ़ी ने जबरन उस पर थोपे हैं। लावण्यदेवी परवर्ती काल में नैतिकताओं व जीवन मूल्यों को समय की कसौटी पर कसती है और उनमें आवश्यतानुसार बदलाव और नयेपन को अपनाने को तत्पर हो जाती है। इससे कई पीढिय़ों के बीच एक सेतु बनता है जिसकी आज आवश्यकता है। यदि पुरानी पीढ़ी अपनी ही धारणाओं को अंतिम मानकर उसी पर अड़ी रहती है तो वह नयी पीढ़ी के लिए बोझ बन जाती है। लेखिका ने बड़ी खूबी के साथ आज के उन मूल्यों को तलाश किया है जो नयी पीढ़ी के लिए लगभग अप्रासंगिक हो चले हैं, उसमें बदलाव की आवश्यकता को सहजता से स्वीकार किया है। यदि समाज नये मूल्यों को भी स्वीकारने को तैयार हो तो वह अनैतिक समय में जीने की कुंठा से मुक्त हो सकता है। दरअसल नैतिकताएं समय सापेक्ष होती हैं और नयी चुनौतियों के अनुसार यदि उनमें बदलाव होता रहे तो उसकी स्वीकार्यता भी बढ़ेगी और समाज का जो विखंडित रूप हमें दिखायी दे रहा है उस पर से धुंध छंट जायेगी। पुराने मूल्यों की कसौटी पर यह जो पतित लगता समय है उसे नये मूल्यों के आलोक में देखने पर समाज का कुछ स्वस्थ चेहरा भी नजर आयेगा। यह ठीक है कोई भी साहित्य अपने समय की आलोचना के आधार पर श्रेष्ठता का दावा करता है किन्तु वह साहित्य उससे कमतर कतई नहीं माना जाना चाहिए जो समय की आलोचना के नये मानदंडों का सृजन करे। कुसुम खेमानी की यह कृति जोखिम उठाकर भी यह करती है, जिसके लिए इसे अलग से याद किया जाना चाहिए। यह उपन्यास जितना अध्यात्म सम्बंधी प्रश्नों से जूझता है उतना ही सामाजिक ताने-बाने की खामियों-खूबियों को लेकर भी चिन्तित है। यहां अध्यात्म का ताल्लुक परलोक से नहीं बल्कि व्यक्तित्व के आंतरिक विकास और आत्म-निरीक्षण से है।
लावण्यदेवी कोलकाता के सोनागाछी इलाके से लेकर सुदूर गांव व पहाड़ों के जीवन की तमाम समस्याओं को हल करने के लिए जगह जगह स्वयंसेवी संस्थाएं बनाकर उसमें समर्पित स्वयंसेवकों को मुस्तैद करती चलती है। उन्हें सामाजिक कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होती। हमखयाल लोग उनके प्रति समर्पित होते रहते हैं। उनके व्यक्तित्व के जादुई प्रभाव के कारण कई युवा अपना जीवन उनके महान उद्देश्यों के लिए समर्पित करने को तैयार हो जाते हैं। ये युवा तमाम आधुनिक संसाधनों से लैस हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर उनकी पहुंच हैं जहां से वे तमाम जनहितकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की सीढ़ी तैयार करते हैं। मोहम्मद यूनुस की माइक्रो बैंकिंग के महत्व को यहां स्वीकार किया गया है जिसने बांग्लादेश जैसे गरीब मुल्क में महिलाओं को केंद्र में रखकर छोटे ऋण देने की पहल की गयी।
 गांधीवादी तरीकों से उन्हें गुरेज नहीं है ना ही सुंदरलाल बहुगुणा के सामाजिक उत्थान के काम-काज के तौर तरीकों से। फिर भी यह काम इन दिनों समाजसेवा में जुटे उन सामाजिक कार्यकर्ताओं से भिन्न है, जो सेवा में दिलचस्पी कम रखते हैं और उनका एकमात्र काम भ्रष्टाचार को उजागर करना है। वे अव्यवस्था के खिलाफ तो मुखर तो हैं पर इसे ही अपने काम की इतिश्री मान बैठे हैं। उनकी राजनीतिक और व्यावसायिक महत्वाकांक्षाएं समय-समय पर उजागर होती रहती हैं। शुक्र है कि आज के सोशलाइटों की तरह लावण्यदेवी राजनीति में नहीं जाती बल्कि क्रमश: जीवन के उस शिखर पर पहुंचती है जहां जीवन की तमाम उत्कंठाएं तिरोहित होती जाती हैं। वह कहती है-'तुम लोग अभी ज्ञानमार्गी हो इसलिए विवेकसम्मत तर्क प्रस्तुत करोगे पर मैं अब भक्तिमार्ग की पथिक बन गयी हूं। जिसमें सारे तर्क-वितर्क से ऊपर केवल पूर्ण श्रद्धा और पूर्ण समर्पण होता है। वहां एक ही सत्ता राज्य करती है वह है-प्रेम।' (पृष्ठ 121) प्रारंभिक जीवन में वैभवपूर्ण जीवन जीते हुए और उच्चशिक्षा ग्रहण करने के बाद क्रमश: सामाजिक जीवन और फिर वैराग्य की ओर उन्मुख लावण्यदेवी की गाथा भारतीय मानस की एक ऐसी गाथा है जिसे एक श्रेष्ठ व सार्थक जीवन का मॉडल कहा जा सकता है। इसमें कहीं भी त्याग अतिशयोक्ति नहीं लगता न ही आदर्श ओढ़े हुए। एक महिला के बेहतर जीवन का क्रमिक विकास इसमें है और यह उपन्यास भी क्रमश: नयी ऊंचाइयों को छूने में समर्थ हुआ है। लावण्यदेवी अपने जीवन काल में ही लोगों की प्रेरणा का केंद्र नहीं बनी रही बल्कि उनकी मृत्यु के बाद वे अपने पीछे अपने आदर्शों पर चलने वाले असंख्य लोगों को छोड़ जाती है। वह पारिवारिक व सांसारिक सुख सुविधाओं से ऊपर उठकर समाजसेवा व अध्यात्म के पथ पर चलकर एक अलौकिकता अर्जित करती है। उपन्यास के कथानक का यह लगभग अप्रत्याशित मोड़ है जिसमें एक ठोस लगता चरित्र अपनी मृत्यु के बाद कतिपय अलौकिक घटनाओं के साथ अपनी रहस्यमय उपस्थिति के साथ मिथ में बदल जाता है।

Friday, 26 April 2013

अभिज्ञात की कविताएं


दोस्तो,
आकाशवाणी, कोलकाता की कवि गोष्ठी में आज दिनांक26 अप्रैल 2013 को काव्य पाठ में आनंद आया। संचालन कर रहे थे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कवि, गायक व मेघदूतम का अंग्रेज़ी व हिन्दी में काव्यानुवाद करने वाले श्री मृत्युंजय कुमार सिंह। मैंने जो कविताएं पढ़ीं उसे आपने यदि न सुनी हों तो पढ़कर आनंद लें और अपनी प्रतिक्रिया से भी वाकिफ करायें....
  • अगली सदी तक हम
स्पंदन बचा है अभी
कहीं, किन्हीं लुके-छुपे सम्बंधों में

अन्न बचा है
अनायास भी मिल जाती हैं दावतें

ऋण है बचा कि
बादलों को देखा नहीं तैरते-जी भर
बरस चुके कई-कई बार

क्षमा है कि बेटियां
चुरा ले जाती हैं बाप की जवानी
उनकी राजी-खुशी

जोश है बचा
कि रीढ़ सूर्य के सात-सात घोड़ों की उर्जा से
खींच रही है गृहस्थी

कहीं एक कोने में बचे हैं दुख
जो तकियों से पहले
लग जाते हैं सिरहाने
और नींद की अंधेरी घाटियों में
हांकते रहते हैं स्वप्नों की रेवड़

पृथ्वी पर इन सबके चलते
बची है होने को अभी दुर्घटना

प्रलय को न्योतते हुए
नहीं लजायेंगे अगली सदी तक हम।

  • जड़ों का वक्तव्य अगर लो
नंगी
ठेठ
ठोस
ज़मीन से जिनके प्राथमिक रिश्ते हैं
अचरज की उनके मन
जेठ की सिवान से अधिक दरके-दरके हैं

यह एक और बड़ा सच है
कि ज़मीन के जो ऊपर है
वह ज़मीन के बाहर नहीं है
बल्कि वही सचमुच ज़मीन में है
जड़ों का वक्तव्य अगर लो
भीतर होना ही
बाहर होने की एकमात्र विश्वस्त शर्त है
और शर्त का माने है दोस्तो
जोखिम!
हर शर्त जोख़िम से शुरू होकर
जुए तक पहुंचती है
और जुआ
बैल नहीं आदमी के कंधे पर
अक्सर होता है
प्रायः हर घड़ी

आदमी अपने कंधे पर
जुआ नधाए हुए
आदमी लगता है
एकदम आदमी
ज़मीन का वारिस
ज़मीन का हक़दार
ज़मीन के अंदर
अंदर का हिस्सेदार
इसलिए, ज़मीन के ऊपर की हिस्सेदारी
ज़मीन के अंदर की हिस्सेदारी से
कत्तई अलग नहीं है

कोई आये और गंगा को नील कह दे
मैं अपने हिमालय को
चीन की दीवार से बदलने को तैयार हूं

मैं अपने हिस्से के शब्दकोषों से
मातृभूमि
खारि़ज़ करने की कोशिश में हूं।

  • हक़ पर साझा
इस लम्बे शहर के पिछवाड़े
एक नाटा सा कमरा है मेरा

कमरा
जिसमें जाड़े के दिनों में
आसानी से महसूस कर सकते हैं आप
स्टोव की गरमाहट अपने रोओं पर

फिलहाल जबकि जाड़ा नहीं है
पूरा कमरा एक मुकम्मल तवा है
जिसे स्टोव गरमा रहा है धीरे-धीरे

इस शहर और इस कमरे में रहते-रहते
मैं इसका कायल होता जा रहा हूं
कि दुनिया की तमाम आक्सीजन पर
इस स्टोव का उतना ही हक़ है
जितना मेरे फेफड़ों का।

  • दूर नहीं है हिमांक
बड़ी तेज़ी से दुनिया
व्याकरण से बाहर हो रही है
दुनिया अपनी कोख में समा जायेगी
व्याकरण विहीन होकर
जबकि सब कुछ जल रहा है
यह जम रही
जम कर क्या रह जायेगी दुनिया?

इसका पिघलना
किस अक्षांश पर होगा
इसी फ़िक्र में
जम जाते हैं लोग

जबकि उनके पास पिघलने की एकमात्र चिन्ता होती है
वे ख़ुद जमने की ओर तेज़ी से अग्रसर होते हैं
बिना समझे कि
जमने और पिघलने के बीच
एक संतुलन का आस्वाद
उसकी आहट
उसे राहत दे सकती है, अगर वे सुनें
अगर यह हो पाये
अगर यह हो पाये तो दुनिया
एक साफ़ धुली हुई काली-कत्थई स्लेट तक हो सकती है
जिस पर आदमी
गुणनफल निकालने में व्यस्त हो सकता है
इसके बावज़ूद बचा रह सकता है
कुछ न कुछ शेष
शेष नहीं तो कुछ चाक
चाक के साबूत टुकड़े

स्लेट के लिए चाक का होना
दुनिया को जलकर जमने से बचाना है
व्याकरण के बाहर जाती हुई दुनिया के लिए
एक व्याकरण
जो हमारी धमनियों में है
हो सके तो मित्रो, उसे ढूंढो
और इस निरंतर जमती हुई दुनिया को
आग के बचाओ

आंधी आने से पहले
बुत जानी चाहिए
हर बोरसी की आग
अगर दो पत्थर कहीं पड़े हैं
तो आग को लेकर चिन्तित मत होओ
उसे बेझिझक बुता दो
पैदा हो सकती है ज़रूरत भर आग

फिलहाल
आग अगर कहीं शब्द है
तो उसके माने बदल दो
आखि़र दुनियाल को चाहिए ही चाहिए
एक व्याकरण
और व्याकरण को चाहिए
सही शब्द नहीं
सही नीयत
शब्द के बाहर भी हो सकते हैं-व्याकरण
बहुत दूर नहीं है हिमांक
ज़रा, जल्दी करो।

  • संवाद के लिए
यह समझकर
कि लगातार बोलना
अंदर चुप होते जाने की आहट है
मैं सहसा चुप हो जाना चाहता हूं

चुप हो जाना चाहता हूं
भीतर व्यापते सन्नाटे के विरुद्ध

मैं उलीच देना चाहता हूं
मने के भीतर का रत्ती-रत्ती सन्नाटा-बाहर

अंदर के संवाद को बचाये रखने के लिए
चुप होना पलायन नहीं है
जैसा कि है का अंदेसा होता है
अक्सर बोलते हुए लोगों को

मैं संवद को और तहों में
धमनियों के तहखाने तक ले जाना चाहता हूं

मैं अंदर के संवाद को
इशारे की शक्ल देना चाहता हूं

मैं इशारे को सही दिशा का संवाद चाहता हूं
चाहता हूं एकदम ठीक दिशा की ओर अंगुली उठाना
बस एक बार

अगर नहीं उठा पाऊं अंगुली
तो भी चाहता हूं
चाहता रहूं अंगुली उठाना

मैं एक सही इशारा होने की
कोशिश होना चाहता हूं

सचमुच मैं
चुप चुप चुप होना चाहता हूं।

  • वंशावली के लिए
मैंने आश्चर्य से देखा
पूरी पृथ्वी आश्चर्य से रिक्त हो चुकी है

कहीं भी, कुछ भी नहीं घटता आश्चर्य
घटना, आश्चर्य नहीं

इस भोथड़ी पृथ्वी का आश्चर्य रहित होना
और फिर भी उसका होना
आश्चर्य हो तो हो

पृथ्वी आठवें आश्चर्य की प्रतीक्षा में
चूक गयी है

इस पृथ्वी पर बोना पड़ेगा
नये सिरे से आश्चर्य
जैसे बोआ जाता है गन्ना
दूसरी फसल के बाद
नये सिरे से

कैसा हो
आश्चर्य बदल जाये सहसा
जौ के तैयार बेंगे में
कहीं भी छींट दो और उग आये
रातोंरात आश्चर्य
खेत का खेत।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...