Showing posts with label कुसुम खेमानी. Show all posts
Showing posts with label कुसुम खेमानी. Show all posts

Wednesday, 15 May 2013

समय सापेक्ष नैतिकताओं का सृजन

समीक्षा-डॉ.अभिज्ञात
साभारः आलोचना, जुलाई-सितम्बर 2013
लावण्यदेवी/लेखिका-कुसुम खेमानी/प्रकाशक-राजकमल प्रकाशन प्रा.लि., 1-बी, नेताजी सुभाष मार्ग, दरियागंज, नयी दिल्ली-110002/मूल्य-300 रुपये

'लावण्यदेवी' डॉ.कुसुम खेमानी का पहला उपन्यास है जिसमें लेखिका ने एक जीवन दर्शन प्रस्तुत किया है, जो व्यवहारिकता पर आधारित आध्यात्म का पथ है। यह जीवन की एक नयी राह का अन्वेषण है जिसमें अपने सुख-दुख के साथ-साथ परोपकार भी शामिल है। राग और विराग की एक विलक्षण संधि इस उपन्यास में मिलेगी, जो पाठक को जीने का एक नया सलीका देती है। यह विवेकवाद पर आधारित पथ है, जो सिर्फ त्याग नहीं सिखाता बल्कि त्याग का नया अर्थ और वैकल्पिक मार्ग देता है। यह उस व्यवहार से मिलता-जुलता है जो वारेन बफे ने शुरू किया है, जो अपनी मेधा और श्रम से कमाई दौलत का एक बड़ा हिस्सा लोकहित में खर्च करने को सार्थक मानता है।
अपने जीवन के उत्तरकाल में संन्यासी सा जीवन जीते हुए अपने समर्थकों से एक जगह लावण्यदेवी कहती है-'हमें भी जीवन में दुनियादारी निबाहते हुए उच्चतर मूल्यों के लिए काम करना चाहिए। देह के धर्म को उसका प्राप्य देते हुए मनुष्य जब अपने विवेक से काम करता है, तो आधिभौतिक तत्त्व आधिदैविक तत्त्वों की प्राप्ति में अड़चन नहीं डालते। फलस्वरूप हमारे मन, वचन तथा कर्म तीनों ही सुंदर हो जाते हैं।... अपनी देह से प्रेम करते हुए उसका प्रयोग लक्ष्य-प्राप्ति की सीढ़ी की तरह कीजिए।' (पृष्ठ 77)  उपन्यास की गति तेज है। इसमें धीमे-धीमे घटित होता जीवनक्रम नहीं है, बल्कि कई पीढिय़ों के अनुभवों को एक दूसरे के बरअक्स देखने का उपक्रम है। इसमें पिछड़ी पीढ़ी कई बार नयी पीढ़ी से सीखती है तो वहीं बड़ी सहजता से बिना किसी दबाव के नयी पीढ़ी को बहुत कुछ सीखाती है। मामूली लगते अनपढ़ और अनगढ़ पात्र भी उच्च शिक्षा प्राप्त पात्र को बिना कहे सिखाते हैं। यह उपन्यास एक तरह से कई पीढिय़ों और कई वर्गों के बीच वैचारिक विमर्श और उनमें सामंजस्य की महती भूमिका निभाता है। किसी एक विचार को सायास थोपने या किसी विचार सूत्र को पात्रों के माध्यम से लादने की कोशिश इसमें नहीं मिलती बल्कि तमाम विचारों को आमने-सामने रखकर व्यावहारिक पथ निकालने की कोशिश दिखती है। आम सहमति बनाने का प्रयास हर जगह है। इस उपन्यास में जगह-जगह समाज में समझे समझाये और लगभग रूढ़ हो चुके आदर्शों को बौना करते विमर्श मिल जायेंगे। उपन्यास दरअसल जीवन का एक खंड नहीं अपितु पूरा एक जीवन होता है अपनी तमाम खूबियों और खामियों के साथ। मनुष्य की जय-पराजय, उत्थान-पतन, राग-विराग, लोभ और त्याग के प्रश्नों को यह उपन्यास पूरी शिद्दत से उठाता है और उसे एक विशेष अन्वति तक पहुंचाता है। लावण्यदेवी उपन्यास एक बंगाली सम्पन्न परिवार से जुड़ी पांच पीढ़ी के लोगों की गाथा है जिसमें उनके उत्थान-पतन, कार्यशैली, रहनसहन और सोच के ढर्रे को उसकी पूरी बनावट और बारीकियों से साथ चित्रित किया गया है। लेकिन जिस चीज पर लेखिका का फोकस है वह है धनवान लोगों का सामाजिक योगदान। धन का लोकहित में उपयोग। अब तक पूंजी का शोषणमूलक स्वरूप ही साहित्य में मुख्यतौर पर प्रस्तुत किया जाता था। धनवान की और अधिक धनवान होने की होड़, उसकी ओर से गरीब और मजबूर लोगों का किया जाता आर्थिक शोषण। यह उपन्यास पूंजी के सामाजिक योगदान को रेखांकित करता है और दौलतमंद लोगों के बारे में रूढ़ विचारों को बदलता है। पूंजी के इर्द गिर्द रहने वालों के उदात्त चरित्र को उजागर करता है। इस प्रकार साहित्य की दुनिया में एक नया प्रयोग इस उपन्यास में है। सम्पन्न परिवार के आदर्शवादी कई युवा और बुजुर्ग पात्र इस उपन्यास में अलग-अलग तरीकों से समाजसेवा और जनहित के कार्यों में अपने जीवन को खपा देते हैं या फिर अपनी कमाई का बहुत बड़ा हिस्सा ऐसे कार्यों के लिए दान कर देते हैं। उदात्त पात्रों में स्वयं कथानायिका लावण्यदेवी के अलावा नशाखोरी उन्मूलन से जुड़ी प्रियंवदा भी है, जो एक तमिल वैभवशाली खानदान की बेटी और दूसरे वैभवशाली खानदान की बहू है।
समाजसेवा के कार्य में बुजुर्ग और प्रौढ़ लोग ही नहीं हैं युवा भी हैं। लावण्यदेवी की प्रेरणा से उनकी युवा पौत्रियां मंजुलिका और मालविका भी समाजसेवा के कार्यों में जुट जाती हैं, एक ने नशा उन्मूलन के कार्यों में अपने को जोड़ा तो दूसरी ने सोनागाछी की वेश्याओं की समस्याओं के निवारण में। उपन्यास में समाज कल्याण और सुधार की दिशा में सक्रिय लोगों की विश्वस्त दास्तान है। लावण्यदेवी की नानी भी ऐसे ही कार्यों से जुड़ी थी। उपन्यास का यह रुझान और मिशन से जुड़े पात्रों की समाज सुधार की परिकल्पनाओं के कारण प्रेमचंद का 'सेवासदन' नारी चरित्र के उत्कर्ष के संदर्भ में यशपाल के 'दिव्या' जैसे उपन्यासों की याद दिलाता है। तिक्त अनुïभव इस उपन्यास में लगभग नहीं हैं क्योंकि पात्रों के अंदर की खामियां उनके समूचे व्यक्तित्व को नहीं ढक पाती हैं, उनमें कहीं न कहीं पछतावा है जो अपनी परिधि तोड़कर समाज सुधार के व्यापक विमर्श से जुड़ जाता है। जीवन की उदात्तता की ओर जाता यह उपन्यास कई मूल्यों को एक साथ साधता है और अपने बहुआयामों के साथ इसकी अर्थवत्ता को प्रकट करता है। एक जगह कुसुम जी कहती हैं-'सांस्कृतिक और सामाजिक एकता की इससे बड़ी परिकल्पना और क्या हो सकती थी कि एक आदमी अपने व्यक्तित्व में अपने संस्कार, अपनी भाषा, अपने उच्चारण, अपने रीति रिवाज आदि समेटे हुए धुर विपरीत प्रदेश में आकर उस स्थान के संस्कारों को स्वयं में और स्वयं के संस्कारों को उस स्थानीय समाज में समावेशित कर उत्कृष्ट मूल्यों की स्थापना करे। एक संस्कृति की दूसरी संस्कृति में घालमेल, यह बिखरे भारत की अखंडता के लिए भी अनिवार्य थी।' (पृष्ठ- 92)
रांग साइड आफ द बेड् वाले नाजायज रिश्तों से लेकर गे और लेस्बियन सम्बंधों की भी इस उपन्यास में चर्चा है किन्तु इन सम्बंधों को हिकारत से नहीं देखा गया है बल्कि उसके व्यावहारिक पहलुओं के साथ उसके उजले पक्ष को ही लेखिका सामने लाती हैं। अपनी बात कहने के लिए जगह जगह लोककथाओं और पौराणिक प्रसंगों का बखूबी प्रयोग उन्होंने किया है। भाषा परिष्कृत और आध्यात्मिक और वैचारिक पहलुओं को उजागर करने में समर्थ है। आध्यात्मिकता की व्याख्या करते हुए उन्होंने एक जगह कहा है-'साधारण आदमी के लिए स्वयं से और मेरे-तेरे की ममता से ऊपर उठकर नाम, यश और अर्थ लाभ की कामना किये बिना दूसरों के लिए कोई अच्छा काम करना क्या अध्यात्म नहीं है?' (पृष्ठ 97) शिक्षा की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा है-'शिक्षा का सबसे बड़ा लाभ यह है कि शिक्षा आदमी के व्यक्तित्व को विस्तार देती है और वह जीवन की ओछी क्षुद्रताओं से ऊपर उठकर स्वयं का और दूसरों का विकास करना चाहता है।' (पृष्ठ 87) यह उपन्यास वृहत्तर अर्थों में समय सापेक्ष नैतिकताओं का सृजन है। जो लोग यह मानकर चलते हैं कि यह समय घोर अनैतिकताओं का है और हर मूल्य टूट कर बिखर रहे हैं, उन्हें यह जरूर पढऩा चाहिए। क्योंकि इस उपन्यास में यह अहसास बराबर बना रहता है कि हर नयी पीढ़ी अपने समय के साथ कुछ पुरानी पड़ गयी नैतिकताओं से असहमत होती है तथा कई बार उन्हें सीधे-सीधे खारिज कर देती और कई बार उनके साथ मजबूरन समझौता कर उन्हें केवल ढोती है। उसे लगता है कि कुछ मूल्य और नैतिकताएं पुरानी पीढ़ी ने जबरन उस पर थोपे हैं। लावण्यदेवी परवर्ती काल में नैतिकताओं व जीवन मूल्यों को समय की कसौटी पर कसती है और उनमें आवश्यतानुसार बदलाव और नयेपन को अपनाने को तत्पर हो जाती है। इससे कई पीढिय़ों के बीच एक सेतु बनता है जिसकी आज आवश्यकता है। यदि पुरानी पीढ़ी अपनी ही धारणाओं को अंतिम मानकर उसी पर अड़ी रहती है तो वह नयी पीढ़ी के लिए बोझ बन जाती है। लेखिका ने बड़ी खूबी के साथ आज के उन मूल्यों को तलाश किया है जो नयी पीढ़ी के लिए लगभग अप्रासंगिक हो चले हैं, उसमें बदलाव की आवश्यकता को सहजता से स्वीकार किया है। यदि समाज नये मूल्यों को भी स्वीकारने को तैयार हो तो वह अनैतिक समय में जीने की कुंठा से मुक्त हो सकता है। दरअसल नैतिकताएं समय सापेक्ष होती हैं और नयी चुनौतियों के अनुसार यदि उनमें बदलाव होता रहे तो उसकी स्वीकार्यता भी बढ़ेगी और समाज का जो विखंडित रूप हमें दिखायी दे रहा है उस पर से धुंध छंट जायेगी। पुराने मूल्यों की कसौटी पर यह जो पतित लगता समय है उसे नये मूल्यों के आलोक में देखने पर समाज का कुछ स्वस्थ चेहरा भी नजर आयेगा। यह ठीक है कोई भी साहित्य अपने समय की आलोचना के आधार पर श्रेष्ठता का दावा करता है किन्तु वह साहित्य उससे कमतर कतई नहीं माना जाना चाहिए जो समय की आलोचना के नये मानदंडों का सृजन करे। कुसुम खेमानी की यह कृति जोखिम उठाकर भी यह करती है, जिसके लिए इसे अलग से याद किया जाना चाहिए। यह उपन्यास जितना अध्यात्म सम्बंधी प्रश्नों से जूझता है उतना ही सामाजिक ताने-बाने की खामियों-खूबियों को लेकर भी चिन्तित है। यहां अध्यात्म का ताल्लुक परलोक से नहीं बल्कि व्यक्तित्व के आंतरिक विकास और आत्म-निरीक्षण से है।
लावण्यदेवी कोलकाता के सोनागाछी इलाके से लेकर सुदूर गांव व पहाड़ों के जीवन की तमाम समस्याओं को हल करने के लिए जगह जगह स्वयंसेवी संस्थाएं बनाकर उसमें समर्पित स्वयंसेवकों को मुस्तैद करती चलती है। उन्हें सामाजिक कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होती। हमखयाल लोग उनके प्रति समर्पित होते रहते हैं। उनके व्यक्तित्व के जादुई प्रभाव के कारण कई युवा अपना जीवन उनके महान उद्देश्यों के लिए समर्पित करने को तैयार हो जाते हैं। ये युवा तमाम आधुनिक संसाधनों से लैस हैं और अंतर्राष्ट्रीय स्तर उनकी पहुंच हैं जहां से वे तमाम जनहितकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने की सीढ़ी तैयार करते हैं। मोहम्मद यूनुस की माइक्रो बैंकिंग के महत्व को यहां स्वीकार किया गया है जिसने बांग्लादेश जैसे गरीब मुल्क में महिलाओं को केंद्र में रखकर छोटे ऋण देने की पहल की गयी।
 गांधीवादी तरीकों से उन्हें गुरेज नहीं है ना ही सुंदरलाल बहुगुणा के सामाजिक उत्थान के काम-काज के तौर तरीकों से। फिर भी यह काम इन दिनों समाजसेवा में जुटे उन सामाजिक कार्यकर्ताओं से भिन्न है, जो सेवा में दिलचस्पी कम रखते हैं और उनका एकमात्र काम भ्रष्टाचार को उजागर करना है। वे अव्यवस्था के खिलाफ तो मुखर तो हैं पर इसे ही अपने काम की इतिश्री मान बैठे हैं। उनकी राजनीतिक और व्यावसायिक महत्वाकांक्षाएं समय-समय पर उजागर होती रहती हैं। शुक्र है कि आज के सोशलाइटों की तरह लावण्यदेवी राजनीति में नहीं जाती बल्कि क्रमश: जीवन के उस शिखर पर पहुंचती है जहां जीवन की तमाम उत्कंठाएं तिरोहित होती जाती हैं। वह कहती है-'तुम लोग अभी ज्ञानमार्गी हो इसलिए विवेकसम्मत तर्क प्रस्तुत करोगे पर मैं अब भक्तिमार्ग की पथिक बन गयी हूं। जिसमें सारे तर्क-वितर्क से ऊपर केवल पूर्ण श्रद्धा और पूर्ण समर्पण होता है। वहां एक ही सत्ता राज्य करती है वह है-प्रेम।' (पृष्ठ 121) प्रारंभिक जीवन में वैभवपूर्ण जीवन जीते हुए और उच्चशिक्षा ग्रहण करने के बाद क्रमश: सामाजिक जीवन और फिर वैराग्य की ओर उन्मुख लावण्यदेवी की गाथा भारतीय मानस की एक ऐसी गाथा है जिसे एक श्रेष्ठ व सार्थक जीवन का मॉडल कहा जा सकता है। इसमें कहीं भी त्याग अतिशयोक्ति नहीं लगता न ही आदर्श ओढ़े हुए। एक महिला के बेहतर जीवन का क्रमिक विकास इसमें है और यह उपन्यास भी क्रमश: नयी ऊंचाइयों को छूने में समर्थ हुआ है। लावण्यदेवी अपने जीवन काल में ही लोगों की प्रेरणा का केंद्र नहीं बनी रही बल्कि उनकी मृत्यु के बाद वे अपने पीछे अपने आदर्शों पर चलने वाले असंख्य लोगों को छोड़ जाती है। वह पारिवारिक व सांसारिक सुख सुविधाओं से ऊपर उठकर समाजसेवा व अध्यात्म के पथ पर चलकर एक अलौकिकता अर्जित करती है। उपन्यास के कथानक का यह लगभग अप्रत्याशित मोड़ है जिसमें एक ठोस लगता चरित्र अपनी मृत्यु के बाद कतिपय अलौकिक घटनाओं के साथ अपनी रहस्यमय उपस्थिति के साथ मिथ में बदल जाता है।

Wednesday, 3 April 2013

सच जैसी कहानियों और कहानियों जैसे सच की यात्रा

समीक्षा
-डॉ.अभिज्ञात 
सच कहती कहानियां/लेखिका-कुसुम खेमानी/प्रकाशक-राधाकृष्ण प्रकाशन प्रा.लि., 7/31, अंसारी रोड, दरियागंज, नयी दिल्ली-110002/मूल्य-200 रुपये



कुसुम खेमानी का पहला ही कहानी संग्रह पर्याप्त उर्वर, परिपक्व और असीम संभावनाओं से भरा हुआ है। संवेदनशील मन और विकसित जीवन दृष्टि दोनों का तालमेल एक नयी किस्सागोई को रचता है। पात्रों के अनुरूप उनकी भाषा और उसका ढर्रा बदलता है जो यथार्थ को गहरी अर्थवत्ता भी देता है और अपनी विश्वसनीयता को पुख्ता करता है। पाठक को बराबर यह एहसास बना रहता है कि वह जिस कथादेश में प्रवेश कर चुका है वहां विभिन्न संस्कृतियों का गहरा मेल है और वह एक बहुभाषी समुदाय के जीवनानुभवों का आस्वाद ले रहा है। कई भाषाओं का प्रयोग यहां दिखावे का नहीं है बल्कि पात्र जिस भाषिक व आर्थिक समुदाय से आये हैं, वे अपनी स्वाभाविक भाव भंगिमा में हैं। 'रश्मिरथी मां' को ही ले लें इसमें एक मारवाड़ी परिवार का मुस्लिम समुदाय से सम्पर्क से जुड़ा घटनाक्रम है, इसमें शहरी पात्र तो हिन्दी बोलते हैं किन्तु जब राजस्थान के मारवाड़ी परिवार की बुजुर्ग महिला का फोन आता है तो वह बातचीत राजस्थानी भाषा में है, जो एकदम स्वाभाविक है। यहां थोपी हुई भाषा नहीं है। लेखिका ने कोष्ठक में हिन्दी में उसका तर्जुमा भी कर दिया है इसलिए पाठक को समझने में किसी तरह की कठिनाई भी नहीं होती। मां की ममता जहां संग्रह की कई कहानियों पर छाई हुई है, वहीं पारिवारिक मूल्य के छीजते जाने पर भी चिन्ता जाहिर की गयी है। रंगभेद की मानसिकता की गहरी पड़ताल 'काला पारिजात' में की गयी है तथा अश्वेतों के बीच भी कई स्तर बन जाने की विडम्बना से पाठक का साबका होता है।
कुसुम खेमानी अपने पहले ही संग्रह में अपनी एक खास कहन शैली से पाठकों का ध्यान खींचती हैं। और किसी रचनाकार का अपनी शैली अर्जित कर लेना उसके रचनाक्रम की बहुत ही महत्वपूर्ण घटना होती है। इस संदर्भ दो चीजों का उल्लेख करना प्रासंगिक होगा जो उनकी शैली को दूसरों से अलग करता है एक भाषिक संरचना और उसका बरताव दूसरा संवेदन और वस्तुजगत के तादात्म्य का धूपछांही खेल। हिन्दी कहानी में बांग्ला, मारवाड़ी (राजस्थानी), हरियाणवी, उर्दू और अंग्रेजी को जिस तरह से उन्होंने गूंथा है वह विलक्षण है। भारतीय समाज की बहुभाषिक संरचना का एक पुख्ता उदाहरण यह कहानियां हैं। यह बहुभाषिकता उनके यहां दिखावे के तौर पर नहीं आती बल्कि पात्रों और घटनाक्रम को और विश्वसनीय तथा यथार्थ के रंग को पुख्ता और सौंदर्यबोध को और विकसित करती हैं। उनकी कथा शैली की दूसरी विशेषता यह है कि उनकी कहानी कब सच से धरातल से उठकर वायवीय हो जाती है और कब एक संवेदना ठोस घटनाक्रम में तब्दील हो जाती है कहना मुश्किल है। सच और कहानी के बीच के फासले को मिटाने का काम भी उन्होंने किया है। कहानी में कहां कहानी का सिरा खत्म होता है और वह सच की जद में प्रवेश करता है, कहना मुश्किल है। सच लगते किस्से हैं या किस्सों की शक्ल में सच। फर्द होना आदमी का,  राज्यपाल ऐसा जैसी कहानियां सच व किस्सागोई के फर्क को मिटा देते हैं। वास्तविक घटनाओं को कहानी की शक्ल पेश करने के बेहतरीन हुनर का यह कहानियां उदाहरण हैं। इनके साथ ही 'एक पारस पत्थर' आदि कुछ कहानियों में संस्मरण और शब्द चित्र की शैली का प्रभावशाली प्रयोग है। यह कहानियां समाज को बहुत कुछ देने वाले समाजसेवियों सीताराम सेकसरिया, भगीरथ कानोडिय़ा, राज्यपाल एचसी मुखर्जी के जीवन के उन पहलुओं को उजागर करती हैं जिनसे लोगों को प्रेरणा मिलेगी।
'पतराम दरवज्जा' कहानी में सच झूठ जैसे मसलों पर विचार का कोई मतलब नहीं है, लोक जीवन है और लोक मानस में व्याप्त किस्से। वे झूठे हैं या सच्चे इससे उसके न तो प्रभाव में कमी आती है और ना ही उससे मिलती प्रेरणा में। हरियाणवी संवादों का हिन्दी कहानी में बेझिझक प्रयोग लेखिका के आत्मविश्वास को भी व्यक्त करता है कि किस्सागोई में यह गुण नये रंग भरता है। इधर के हिन्दी टीवी धारावाहिकों में यह प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है और श्रोता इसे पसंद भी कर रहे हैं। हिन्दी में आंचलिकता का पुट यूं ही कोई नया नहीं है। कला की दुनिया में सच कोई ऐसा तत्त्व नहीं माना जाता कि जिसके होने भर से कोई कला श्रेष्ठता का दावा कर सके और ना ही झूठ या सरासर झूठ कला की दुनिया में वह तत्त्व है जिसके आधार पर कला की श्रेष्ठता प्रभावित होती है। सच और झूठ का ताना बाना और उसका अनुपात ही कला को नयी ऊंचाइयां प्रदान कर सकता है। जिसका उदाहरण इस संग्रह की कहानियां हैं। पुस्तक के नाम 'सच कहती कहानियां'  से जाहिर है कि यह हैं तो कहानियां, किन्तु इनकी सार्थकता किसी न किसी सच को उजागर करने में है। इन कहानियों का जो सच है वह हमेशा तल्ख और निराशा पैदा करने वाला नहीं है। जगह-जगह वह बिन्दु इनमें मिल जायेंगे, जो निराशाजनक स्थितियों में भी आशा की किरण बनते हैं। कई बार तो कुसुम जी ने साधारण लगते पात्रों की उन खूबियों को उजागर किया है जो शायद अनदेखा रह जाता। घटनाओं को सही परिप्रेक्ष्य में देखना ही त्रुटियों को दुरुस्त करने की महती कार्रवाई जान पड़ती है। उदाहरण के लिए 'रश्मिरथी मां' को लें। मुफलिसी का जीवन जीती एक महिला के 'किराए पर कोख' देने की मार्मिक कथा है जिसमें उसके भौतिक लेन देन की तुलना में उसके संतानहीनों को उसके अनन्य योगदान को गरिमामय ढंग से रेखांकित किया गया है।
इस संग्रह की ज्यादातर कहानियों में कोई न कोई ऐसा नारी चरित्र अवश्य है जो सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका में है और उस कहानी के नायक या नायिका के दुख दर्द को पूरे मनोयोग से सुनता ही नहीं बल्कि उसकी समस्या को सुलझाने में मन प्राण से जुट जाता है। और समस्या को सुलझाने का जो प्रयास है उसका तौर तरीका सांगठनिक है। लेखिका व्यक्ति की समस्या का निदान महज व्यक्तिगत प्रयासों में नहीं खोजती बल्कि समाज में चल रहे कल्याणकारी कार्यों का सहारा लेती है। इस प्रकार लेखिका का एक वृहत्तर परिप्रेक्ष्य इसमें सामने आता है जो व्यक्ति की समस्या की मुक्ति के प्रयास में सामूहिकता के योगदान को महत्वपूर्ण मानता है। सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका बस किसी समस्याग्रस्त व्यक्ति की समस्या हल करने का रास्ता खोजने और दिखाने या उसे उस मकाम तक पहुंचाने तक का है, उसके बाद समस्याग्रस्त व्यक्ति अपने संघर्ष और खूबियों के बूते प्रगति करता है। लोगों की भीतर छिपी खूबियों, जीवट और जिजीविषा को यह कहानियां सामने लाती हैं और कथानायक वह सामाजिक कार्यकर्ता नहीं बल्कि अपनी विपदाओं से लड़ता आम आदमी बनता है। 'रश्मिरथी मां' में संघर्षशील चरित्र जाहिदा और 'जज्बा एक जर्रे का' में लक्ष्मी नायिका हैं। 'पुरुष सती' में तो लेखिका ने एक ऐसे नायक को पेश किया है जो अपनी पहली और बाद में दूसरी पत्नी के दुख सुख को समझने और उनकी स्वतंत्रता को अबाध करने में अपने को खपा देता है। उसके मन में अपनी पत्नियों के पुरुष मित्रों से भी कोई शिकायत नहीं रहती। ऐसे दौर में जब महिला लेखन के नाम पर पुरुषों की बेवफाई और परकीया प्रेम की कहानियों पर जोर है, पुरुष के प्रति संवेदनशीलता का भाव धारा से हटकर है। इसमें स्त्री की बेवफाई के चित्रण पर जोर नहीं है जोर है, पुरुष मन की उस सदाशयता को रेखांकित जिसकी अभिव्यक्ति प्राय: विरल है। हालांकि यहां यह कहना अधिक समीचीन होगा कि पूरा संग्रह ही संवेदनशीलता और विवेकवादी है। यहां विचार से अधिक संवेदना महत्वपूर्ण है। वर्ग-संघर्ष नहीं सामंजस्य है। विद्रोह नहीं है मगर अनिष्टकारी ताकतों व सशर्त दूसरे की मदद पहुंचाने वाली प्रवृत्ति के खिलाफ एक टीस है, पाठक के मन को कहीं भीतर तक परेशान करती है।  'जज्बा एक जर्रे का' कहानी में लक्ष्मी व उसकी बेटियों कम मदद करने वाली संस्था की अपना शर्त धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनना है। इसमें एक अपराधबोध के साथ प्रश्न है- 'आखिर धर्म बदलना एक गंभीर बात है, इसे मात्र सुविधा के लिए कैसे स्वीकारा जा सकता है।' यह लेखकीय खूबी है कि पढ़े-लिखे बौद्धिक और सुविधा सम्पन्न वर्ग का सोच और नजरिया आम और लगभग जाहिल लगते हाशिये पर पड़े संघर्षशील लोगों पर हावी नहीं होने पाता। मतान्ध आलोचना के मौजूदा दौर में ऐसी कृतियों की विवेचना के लिए नयी नजर और लहजे की आवश्यकता पड़ सकती है।
आलोचक विश्वनाथ त्रिपाठी का कहना है कि कुसुम खेमानी की कहानियों में कई भाषा का इस्तेमाल किया गया है, जो आजकल की कहानियों में कम दिखाई देता है। 'सति पुरुष' जैसी कहानी हिंदी में दूसरी नहीं देखी, यह कहानी अपने कहने के अंदाज की वजह से अपना प्रभाव छोड़ती है। कवि अरुण कमल ने ठीक ही कहा है कि-'कुसुम खेमानी की कहानियों का यह पहला संग्रह हिन्दी कथा संसार के लिए एक घटना से कम नहीं। सम्भवत: पहली बार इतनी मार्मिक कौटुम्बिक कहानियां हिन्दी पाठकों को उपलब्ध हो रही हैं। यह सच कहती कहानियां नहीं; बल्कि स्वयं सच हैं; सच का तना रूप।... वे भाव से कथा कहती हैं लोक कथा की तरह।...इन कहानियों की बुनावट और अन्त भी सहज, किन्तु अप्रत्याशित होता है। हर कहानी अपने आप में एक स्वतंत्र लोक है। इस संग्रह के साथ कुसुम खेमानी के रूप में हिन्दी को एक अत्यन्त सशक्त शैलीकार एवं संवेदनशील किस्सागो मिला है।'
सम्पर्क-डॉ.अभिज्ञात, 40 ए, ओल्ड कोलकाता रोड, पोस्ट-पातुलिया, टीटागढ़, कोलकाता-700119 मोबाइल-9830277656  abhigyat@gmail.com 

Thursday, 21 March 2013

यात्रा वृत्तांत को नयी परिभाषा व टटका मुहावरा देती रचना

समीक्षा
-डॉ.अभिज्ञात
कहानियां सुनाती यात्राएं/लेखिका-कुसुम खेमानी/प्रकाशक-राधाकृष्ण प्रकाशन प्रा.लि., 7/31, अंसारी रोड, दरियागंज, नयी दिल्ली-110002/मूल्य-400 रुपये

चर्चित कथाकार कुसुम खेमानी के यात्रा वृत्तांत की पुस्तक 'कहानियां सुनाती यात्राएं' में डर्बन की यात्रा पर लिखा पहला ही निबंध 'गांधी अभी भी हैं' पाठक को पूरी तरह से अपनी गिरफ्त में ले लेता है। उसे इस बात का स्पष्ट आभास हो जाता है कि हमें एक ऐसे शख्स के साथ यात्राओं पर चलना है जिसमें एक किशोर सुलभ उत्सुकता और उमंग है। एक भावुकता का अतिरेक है और संवेदनशीलता भी। भाषा उसके भावों को व्यक्त करने में पूरी तरह सक्षम है और वह आक्रांत नहीं करती। इन निबंधों को पढ़ते हुए पाठक भावुक भी हो उठता है और कई बार आंसुओं पर काबू पाना मुश्किल हो सकता है। पहले आलेख में नेल्सन मंडेला से लेकर महात्मा गांधी के प्रति सम्मान का भाव केवल सम्मान का भाव नहीं रह जाता। वह उस युवा संवेदनशीलता को व्यक्त करता है जिसके पास देश और मानवता के कल्याण के लिए अनगिनत सपने हों। नेल्सन मंडेला को छूकर देखना, तिरंगे के साथ मार्च-पास्ट व फिर वाजिब टिकट होने के बावजूद गांधी जी अश्वेत होने के कारण जिस मारित्जबुर्ज स्टेशन पर ट्रेन से उतार दिये गये थे उस स्थान को देखने की ललक का प्रसंग इस बात के उदाहरण हैं।इस वृत्तांत में एक नाटकीयता और औपन्यासिकता है, जो पाठक को इस बात के लिए तैयार करता है कि देखें अब इस वृत्तांत की नायिका कहां जाती है।
 इन निबंधों की खिड़कियां हमें इतिहास का पता देती हैं और वर्तमान में उसकी स्थिति और प्रासंगिकता का भी। बड़ी-बड़ी ऐतिहासिक घटनाओं का सार कथन और बात कहां खत्म करना है, यह हुनर भी लेखिका के पास है, जो बहुत कम लेखकों के पास होता है। साथ ही एक आलोचनात्मक विवेक भी इन निबंधों में तहां-तहां बिखरी संक्षिप्त टिप्पणियों में एक कौंध की तरह दिखायी देता है जो हमें एकबारगी यह याद दिला देता है यह व्यवहार में व्याप्त कैशोर्य किसी किशोर का नहीं है, एक चिन्तनशील और गहरी अंतरदृष्टि से लैस व्यक्ति का है। उनकी अंतरदृष्टि आलोचनात्मक विवेक वाली है और वे चीजों, प्रकृति और व्यक्ति के सौंदर्य, खूबियों और विशेषताओं से अभिभूत तो होती हैं लेकिन उनका उनके जीवन व समाज में क्या स्थान है उसका निर्धारण करने में भी नहीं हिचकतीं। सार्वजनीन स्तर पर प्रशंसनीय मूल्यों की शिनाख्त करते हुए भी यह रेखांकित करना नहीं भूलतीं कि वे जिस भारत देश से हैं, वहां उनकी क्या प्रासंगिकता, अर्र्थवत्ता और स्थान हैं। विदेश की अच्छी चीजों की प्रशंसा के बाद उनकी टीस भी बाहर आती है कि उनके अपने देश में ऐसी चीजों की क्या स्थिति है। 'शाश्वत अश्रुप्रवाह है...पियेता' निबंध में रोम की कलात्मक उत्कृष्टता को स्वीकार करने के बाद वे कहती हैं-'कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ के रन से लेकर भारत की पूर्वोत्तर सीमा पर पुरातत्व, शिल्प, स्थापत्य आदि के असंख्य नायाब नमूने हमारे कण-कण में बिखरे हुए हैं..पर दुख यह है कि न तो हमें उन्हें दिखाना आता है, न बताना।'
इतना ही नहीं उनकी आलोचनात्मक दृष्टि का एक उदाहरण भी इसी निबंध में देखें-'रोम ऐश्वर्य और भव्यता का प्रतीक तो है, पर हम भारतीयों को उसमें अलौकिक तत्व नजर नहीं आता। हमें कमी लगती है भावों की..मानवीयता की.. करुणा की..और अतीन्द्रियता की। लगता है कि क्या इन विदेशी मूर्तियों के अप्रतिम देह-सौष्ठव पर हमारा भाव-सौष्ठव भारी नहीं है। हमारे यहां की एक साधारण-सी पक्षी भी कितना कुछ कह देती है। एक छोटे से कद की शालभंजिका की लास्य मुद्रा हो या विशाल महेश मूर्ति (एलोरा) की शांत स्मित मुद्रा। इनमें भावों की जो गहराई है..जो प्रणवता है..जो प्रवाह है..जो रवानी है..रोम की सौन्दर्यवान मूर्तियों में क्या उसकी कमी नहीं है?' इसलिए यह कहना समीचीन होगा कि पुस्तक में संकलित निबंध महज यात्रा वृत्तांत नहीं हैं। इन निबंधों में सचमुच कहानियां हैं और जैसा कि पुस्तक का नाम है लेकिन चूंकि ये निबंध, संस्मरण, यात्रा वृत्तांत को एक कथानक की तरह पेश करते हैं इसलिए कई विधाओं का एक कोलाज उभरता है, जिसे फ्यूजन कह सकते हैं। हर बड़ी रचना अपने साथ अपनी एक नयी परिभाषा लेकर आती है और आलोचना विधा को अपने मानकों में रद्दोबदल करना पड़ता है इस कृति के साथ भी यही हुआ है।
'और एक समुद्र भीतर का' निबंध में गोवा की प्राकृतिक सुषमा की चर्चा करते हुए और इस बात का उल्लेख करते हुए कि यह देश का सबसे समृद्ध राज्य है और यहां कोई भिखारी नहीं है, वे इस बात की अनदेखी नहीं कर पातीं कि छत्तीसगढ़ और कर्नाटक से यहां आये मछुआरों की जिन्दगी कितनी कठिन और संघर्षपूर्ण है-'उन्हीं के शब्दों में देखें-उनके बदन की गंजी के छेद उन जालों के छेद से काफी बड़े थे, जिनसे मछलियां निकल भागती हैं। न जाने इन दिशा शून्य आंखों ने कभी कोई सपना देखा है या नहीं। न जाने इन रूखी हथेलियों पर कभी कोई नर्म स्पर्श हुआ भी या नहीं।'
कुसुम खेमानी न सिर्फ लोगों, गिरजों, स्थापत्य और कलाकृतियों उनसे जुड़े भवनों, वहां के लोगों को उनके पूरे संदर्भ के साथ प्रस्तुत करती हैं बल्कि वे वहां की हर शै की लय और ताल, शैली और गति पर भी पैनी नजर रखती हैं। प्राग की इमारतों के बारे में उनकी कुछ पंक्तियां देखें-'ये घर कहीं भी प्रकृति से छेड़छाड़ करते नहीं दिखते और न ही कोई हस्तक्षेप..बस चुपचाप उसकी लय से एकाकार हो एक पंक्ति में उग आते हैं..एक  दूसरे पर लद कर नहीं.. एक दूसरे के आत्मसम्मान की रक्षा करते हुए, उसे पूरा स्पेस देते हुए।' इस आलेख में एक उल्लेखनीय बात यह है कि लेखिका ने निर्मल वर्मा और भीष्म साहनी की चर्चा खुलकर की है और यह भी स्वीकार किया है कि प्राग जाने के लिए प्रेरित करने और फिर उसे समझने में उनकी कृतियों का योगदान है। इस पुस्तक की विशेषता यह है कि यह भौगोलिक यात्रा ही नहीं कराती बल्कि सांस्कृतिक यात्रा कराती हैं क्योंकि इसमें जहां भी लेखिका गयी हैं वहां का इतिहास, भूगोल और वहां की सामाजिक- सांस्कृतिक बुनावट का भी अध्ययन प्रस्तुत करती हैं, वह भी बेहद आत्मीयता, तल्लीनता और रोचकता के साथ। इन यात्राओं का विस्तार भारत के विभिन्न स्थलों से लेकर डर्बन, रोम, प्राग, बर्लिन, स्विट्जरलैंड, मास्को, मिस्र, मॉरीशस, भूटान और अलास्का तक है। यहां यह उल्लेखनीय है कि उनकी कुछ यात्राएं महज पर्यटन के उद्देश्य से नहीं की गयी हैं बल्कि वे अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों में भागीदारी के लिए आयोजकों के निमंत्रण पर गयी हैं, जिसके कारण उन्हें उन देशों में महत्वपूर्ण लोगों के सान्निध्य में आने का अवसर भी मिला जो आम पर्यटकों के लिए संभव नहीं था। नेल्सन मंडेला व दलाई लामा आदि के उदाहरण हैं। विभिन्न लोगों से मेलजोल के दौरान उनके व्यक्तित्व के अच्छे बुरे पहलुओं ने उन पर जो प्रभाव डाला उसका भी पूरी शिद्दत से चित्रण इन निबंधों में है जो एक  कथानक लिए हुए है। पर्याप्त अंतर के बावजूद अपनी कतिपय विशेषताओं के कारण डॉ.कुसुम खेमानी की इस पुस्तक को मोहन राकेश के यात्रा वृत्तांत आखिरी चट्टान, अज्ञेय के अरे यायावर याद रहेगा व एक बूंद सहसा उछली, निर्मल वर्मा के चीड़ों पर चांदनी व धुंध से उठती धुन, असगर वजाहत के चलते तो अच्छा था के साथ याद किया जाना चाहिए।
पुस्तक की भूमिका में सुपरिचित कवि एकान्त श्रीवास्तव ने ठीक लिखा है कि ये यात्राएं केवल भूगोल का नहीं, वस्तुत: अनुभव का ही विस्तार है और इस तरह हमारी जीवन-दृष्टि का भी। ये जितनी बाहर की हैं, उससे कहीं अधिक भीतर की भी हैं। भौगोलिक धरातल पर लेखिका सौ कदम चलती हैं तो आनुभूतिक धरातल पर हजार कदम।
वरिष्ठ कथाकार काशीनाथ सिंह का इस पुस्तक के सम्बंध में मंतव्य उल्लेखनीय है- 'कहानियां सुनाती यात्राएं' के पन्ने पलटे तो माइकेल एंजेलो पर नजऱ गयी। उसी यात्रा वृत्तांत से पढऩा शुरू किया-'शाश्वत अश्रुप्रवाह है.. पियेता'। और विश्वास कीजिए, फिर मैंने कुसुम जी के साथ यात्राएं शुरू कर दीं-देश की विदेश की। पैदल, कार से, बस से, ट्रेन से, जहाज से। जहां-जहां वे गयीं, वहां-वहां मैं भी गया। जो-जो आपने देखा, वह-वह मैंने भी देखा। इन वर्णनों की खासियत यह है कि वे देखती ही नहीं, पाठक को दिखाती भी चलती रही थीं-एक कुशल 'गाइड' की तरह।..मैंने निर्मल वर्मा की यात्राएं भी देखी हैं। वे बड़े लेखक हैं। वे यात्राएं भी अत्यंत काव्यात्मक, आकर्षक और भव्य हैं। लेकिन उनके यहां भाषा की भूलभुलैया और झुटपुटा ज्यादा है। काव्यात्मकता कुसुम खेमानी के यहां भी है लेकिन झीने आवरण सरीखी। चीजें छिपने के बजाय और उजागर होकर आंखों के आगे 'दृश्य' बन जाती हैं।
सम्पर्क-डॉ.अभिज्ञात, 40 ए, ओल्ड कोलकाता रोड, पोस्ट-पातुलिया, टीटागढ़, कोलकाता-700119 मोबाइल-9830277656  abhigyat@gmail.com 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...