Tuesday 31 May 2011

सौ के पार, सुरों की बहार


साभारः कुरजां संदेश, , प्रवेशांक-मार्च अगस्त 2011
सम्पादकीय सलाहकार-ईशमधु तलवार/ सम्पादक-प्रेमचंद गांधी, ई-10, गांधीनगर, जयपुर-302015, मूल्य-100/-
हिन्दुस्तानी संगीत के ग्वालियर घराने को जिन्होंने नयी ऊंचाइयां दी हैं उनमें एक महत्वपूर्ण नाम है उस्ताद अब्दुल राशिद खान का। तानसेन की 24 वीं पीढ़ी के इस गायक ने उम्र की बंदिशों को धता बताते हुए एक सौ दो बसंत ही नहीं देखे बल्कि वे इस उम्र में बंदिशें लिखते और उनकी धुन तैयार करते हैं और मंचों पर अपनी गायकी के फन का लोहा भी मनवा लेते हैं। इस उम्र में भी न तो उनकी आवाज़ पर उम्र ने अपनी कोई छाप छोड़ी है और ना ही होशोहवास पर। शरीर की झुर्रियां, सफेद लखदख बाल अलबत्ता उनकी उम्र की गवाही देते हैं लेकिन इस बात का प्रमाण भी देते हैं कि वे उम्र की सीमाओं का अतिक्रमण कर रहे हैं।
उनके जीवन इस बात की मिसाल है कि उम्र से कोई बूढ़ा नहीं होता। और सौ की उम्र भी कुछेक असमर्थताएं जरूरत पैदा करती है लेकिन हर तरह से लाचार नहीं बनाती। वे अब भी संगीत के साधकों को रोजाना संगीत की चार-पांच घंटे तालीम देते हैं और वे मानते हैं कि इस दरम्यान उनका अपना रियाज़ भी होता चलता है। उनका उच्चारण अब भी बिल्कुल साफ है और आवाज़ बुलंद, जो ग्वालियर घराने की गायकी की विशिष्ट पहचान है।
ग्वालियर घराने की गायकी की विशेषता बताते हुए वे कहते हैं ग्वालियर घराने की गायकी में शब्दावली की स्पष्टता पर बहुत ज़ोर दिया जाता है। दूसरी विशेषता है खुली आवाज़। वे बताते हैं यह विशेषताएं मुझे भी विरासत में मिली हैं। मैं भी अपने पूर्वजों की तरह ध्रुपद धमार गाता था। लेकिन जब ध्रुपद लुप्त होने लगा तो खयाल की ओर आ गया। मैं ध्रुपद धमार गाता हूं, खयाल, ठुमरी, टप्पा, दादरा भी।
लम्बी उम्र के सम्बंध में पूछने पर वे कहते हैं इसमें मेरा अपना कोई योगदान नहीं है। मैं एक सामान्य दिनचर्चा में ही जीता हूं। मेरे परिवार में लोगों ने अमूमन लम्बी उम्र पायी है। मेरे वालिद ने 92 साल की उम्र पायी थी, मेरे दादा 104 के थे, परदादा 107 के। मेरी भाभी 110 तक गयीं। यह ईश्वरीय देन है। हमारी सांसों का रखवाला अल्लाह है।
उस्ताद खुद ही बंदिशें लिखते हैं और उन्हें रागों में ढालते हैं। जैसी की शास्त्रीय संगीत की परिपाटी है उन्होंने भी ब्रजभाषा में ही अपनी बंदिशें लिखी हैं जिनमें से हज़ार बंदिशों को उन्हीं की आवाज़ में संगीत रिसर्च एकेडमी ने रिकार्ड किया है। कुछ बंदिशों को बीबीसी लंदन ने भी रिकार्ड किया है। उन्होंने अपनी बंदिशों को नाम दिया है रसन पिया।
उन्होंने बताया कि मेरे पूर्वजों में से मेरे परदादा उस्ताद चांद खान ने चार लाख बंदिशें लिखीं तैयार की थीं, इसलिए यह मेरे परिवार में नया काम नहीं है। मैं बचपन में रचता और उन्हें सुनाया करते, फिर उन्होंने ही हमारा नाम रख दिया—रसन और कहा कि बंदिशों में डाला करो लेकिन शब्द ऐसे हों कि राग का चेहरा ही सामने आ जाये।
नया काम किया है मेरे पौत्र ने। तानसेन के बाद हमारे वंश में पीढ़ी दर पीढ़ी गवैये ही पैदा हुए पर मेरे पौत्र अपवाद है। मेरा बेटा रईस खान भी गाता है किन्तु मेरा पौत्र बिलाल खान का तबले की ओर रुझान है पर हमने ऐतराज़ नहीं किया।
गुरु शिष्य की परम्परा का ज़िक्र छिड़ने पर उन्होंने बताया कि हमारे खानदान में किसी को बाहर से संगीत सीखने की ज़रूरत महसूस नहीं हुई। हमारी वंश परम्परा में यह इल्म सीना ब सीना आया। ये हुआ कि बेटा हमेशा बाप से अच्छा हो और अच्छा न हो तो बराबर तो हो..।
पहले की महफिलों में संगीत सुनने वाले संगीत के जानकार होते थे। रियासतों में वास्तविक कद्रदानों की महफिल में गायन होता था। कोई गवैया ग़लत गाता था तो वहीं उसी वक्त़ रोक कर कहा जाता था ऐसे नहीं ऐसे। लेकिन अब तो म्यूज़िक कन्फ्रेंस होते हैं गाने वाला गा लेता तो लोग तालियां बजाकर छुट्टी पा लेते हैं कोई ग़लती पर उंगली नहीं रखता। सीखने का ढर्रा यह निकल आया है कि किसी का कैसेटे या सीडी लगा लिया। खीसने की ज़रूरत नहीं। उसी की नकल उतार ली और गाने बैठ गये।
पिछली यादों में खाते हुए उस्ताद कहते हैं कि भारतीय संगीत के अंग्रेज़ भी कायल थे। नेहरू जी ने अपने एक भाषण में कहा था कि हिन्दुस्तान से अंग्रेज़ बहुत कुछ ले गये लेकिन संगीत नहीं ले जा पाये। जिस आदमी को संगीत से लगाव नहीं वह बगैर दुम का पशु होता है।
संगीत रिसर्च अकादमी से अपने सम्बंधों के बारे में वे कहते हैं मैं यहां बीस साल से हूं। देश में यही एक संस्थान है जहां गुरु-शिष्य परम्परा चल रही है। होनहार लोगों को यह एकादमी अपना शिष्य बनाती है और यहीं रहकर जब तक वह योग्य नहीं बन जाता संगीत सिखाया जाता है। यहां तो डायरेक्टर हैं रवि माथुर वे गुणियों के कद्रदान हैं। वरना मैं तो उत्तर प्रदेशे के रायबरेली के सलोन का रहने वाला हूं। सलोन पहले कस्बा हुआ करता था अब तो शहर जैसा हो गया है। अपने घर का रास्ता पहचानना मुश्किल होता जा रहा है। वहीं के दरगाह शरीफ में मैंने गुरुमंत्र लिया और हाजी हाफिज मौलाना हजरत शाह मोहम्मद नईम ? साहब सलोनी की दुआ से मैं कुछ भी हूं, हूं।
वे कहते हैं मेरे वालिद को लगता था कि मैं गा बजा नहीं पाऊंगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरी संगीत का तालीम बाईस साल चली।
अपने शिष्यों में जिन्हें वे जिक्र लायक समझते हैं वे हैं शुभमय भट्टाचार्य, पम्पा बनर्जी, पियाली मलाकार, रूपाली कुलकर्णी और डॉ.हेमराज चंदेल।
तानसेन की अपनी खानदानी परम्परा के बारे में पूछने पर वे बताते हैं कि तानसेन किसी का नाम नहीं बल्कि उपाधि है जो अकबर बादशाह ने दी थी। वाकया हूं है कि ग्वालियर के राजा राम गौड़ थे। वहीं के थे मकरंद पाण्डेय जो हजरत गौस ग्वालियरी की पड़ी सेवा करते थे। पाण्डेय जी की कई गायें थीं सो वे हजरत को दूध मुफ्त में रोज पहुंचा दिया करते थे। एक रोज हजरत ने पूछा पाण्डेय तुमने बहुत सेवा की बोलो मुझसे क्या चाहते हो?
पाण्डेय जी की उम्र हो गयी थी 72 के आसपास। उन्होंने कहा बाबा सब कुछ है मेरे पास पर संतानहीन हूं। हजरत ने दुआ की और बाबा को संतान हुई। सात बरस बीते। बाबा ने एक दिन पूछा सब खैरियत तो है, पाण्डेय जी ने कहा बाबा, औलाद तो हुई लेकिन वह बोलता ही नहीं है। बाबा उस समय फल खा रहे थे वही जूठा फल बच्चे को पकड़ा दिया और बच्चे ने जो पहला शब्द कहा वह था बाबा।
पाण्डेय जी पहले तो खुश हुए फिर कहा आपने इसे अपना जूठा खिला दिया अब आप ही इसे अपने पास रखो। बालक उन्हीं के पास रहने लगा। उसे मुसलमान बनाया गया नाम रखा गया-अली खां। वह ज़माना बाबा हरिदास स्वामी का था, जो वृंदावन में रहते थे। एक बार वे यहां हजरत गौस ग्वालियरी से मिलने आये। बालक को देखा तो कहा इसे हमें दे दीजिए हम इसे संगीत सिखायेंगे। बालक अली खां उनके साथ कई बरस रहे। संगीत की परम्परागत तालीम ली। जब पारंगत हो गये तो उनसे कहा गया कि अपनी विद्या को दुनिया में फैलाओ। फिर लौट आये। वे रीवां नरेश की गोविन्दगढ़ रियासत में मुलाजिम हुए। उस समय बादशाह अकबर संगीत के प्रेमी थे। वे एक बार रीवां नरेश के यहां आये तो उन्होंने उनका गाना सुना और उन्हें रीवां नरेश से मांग लिया। बादशाह अकबर ने उन्हें तानसेन की टाइटल दी और उन्हें अपना नवां वजीर बनाया। तानसेन के चार बेटे हुए-रहीम सेन, सूरत सेन, तानतरंग और बिलासखान। उस्ताद अब्लुल राशिद खान बताते हैं हमारे वंश का सिलसिला सूरत सेन से चला।
सूरत सेन के चार बेटे थे-कमाल रंग, जमाल सेन, अहमद शाह और रुस्तम खान। उस समय प्रतापगढ़ रियासत में कोई गायक नहीं था। राजा की बुआ ग्वालियर में ब्याही थीं। राजा कालाकांकर वहां से चारों गवैयों को अपने यहां ले आये। जिनमें से दो मानिकपुर के राजा ताजसुख हुसैन के यहां चले गये। जब रियासतें खत्म हुई तो बाकी दो भी मानिकपुर से बी मिल सलौन आ गये। हमारी परम्परा सलोन से जुड़ गयी। सलोन रायबरेली जिले में है। वे कहते हैं कि रायबरेली जिला सोनिया गांधी का क्षेत्र है मैं जल्द ही उनसे मिलूंगा और गुजारिश करूंगा का सलोन में एक संगीत विद्यालय बनाने का इन्तज़ाम वे करवायें।
उस्ताद कहते हैं इस प्रकार मेरा पितृपक्ष हिन्दू और मातृपक्ष मुसलमान है। एक साझी विरासत हमारी है। यह पूछने पर कि संगीत से उन्हें क्या मिला, कहते हैं मेरे लिए तो यह अल्लाह को महसूस करने का यह मार्ग है।

Friday 27 May 2011

विवेकानंद के जीवन के कुछ और आयाम



तहलका ३० अप्रैल 2011
पुस्तक समीक्षा
विवेकानंदः जीवन के अनजाने सच/लेखक-शंकर/प्रकाशक-पेंगुइन बुक्स इंडिया, यात्रा बुक्स, 203 आशादीप, 9 हेली रोड, नयी दिल्ली-110001, मूल्य-199/-
स्वामी विवेकानन्द के जीवन के कई आयाम अब तक अनुद्घाटित हैं। उनके प्रकाशित पत्रों और सैकड़ों पुस्तकों से उनके दर्शन व जीवन को समझने में सहूलियत होती है फिर भी उनके जीवन के कई कोने ऐसे हैं जिन पर रोशनी नहीं पड़ी है और जिनके उजागर होने से उनको देखने समझने के हमारे नजरिये में परिवर्तन होता है। ख्यातिलब्ध बंगला साहित्यकार शंकर ने उन पर लम्बे अरसे तक शोध करने और लगभग दो सौ पुस्तकों से अपनी बात को पुष्ट करने का प्रमाण जुटाने के बाद 'विवेकानंद: जीवन के अनजाने सच’ पुस्तक लिखी है। इसमें उन्होंने विवेकानंद को जिस रूप में पेश किया है वह उन्हें बहुत करीब से समझने में हमारी मदद करता है। विवेकानंद के व्यक्तित्व के उस ताने-बाने को उन्होंने परखने की कोशिश की है जिनसे उनका व्यक्तित्व न सिर्फ बनता है बल्कि निखरता है। इस पुस्तक में उन्होंने उन्हें एक महामानव के जीवन संघर्ष की उन स्थितियों को ही नहीं उजागर किया है जो उनके विकास में सहायक हुआ है बल्कि उन विसंगतियों की भी चर्चा की है जो उनके संन्यासी जीवन के विकास में बाधक बनती दिखायी देती हैं।
शंकर ने विवेकानन्द के जीवन के ऐसे प्रसंगों को इसमें प्रस्तुत किया है जिनकी या तो चर्चा बहुत कम हुई है या फिर हुई भी है तो उसके पूरे मर्म को समझने में वह अपर्याप्त रही। यह अनायास नहीं है कि उन्होंने इस पुस्तक का नाम ही 'जीवन के अनजाने सच' इसलिए रखा क्योंकि वे उन्हीं प्रसंगों पर अधिक जोर दिया है और उस विषय पर उन्होंने गहन अध्ययन प्रस्तुत किया है जिनके आधार पर विवेकानन्द की बहुमुखी प्रतिभा पर भी प्रकाश पड़ा है। इस पुस्तक के बिना यह जानना मुश्किल था कि उन्होंने जितना वेदों का प्रचार किया उससे कम प्रचार भारतीय व्यंजनों का नहीं किया। 'सम्राट-संन्यासी सूपकार' अध्याय में शंकर ने लिखा है कि वे न सिर्फ तरह-तरह के व्यंजनों को खाने के बेहद शौकीन थे बल्कि पाक कला में भी उन्हें विशेष महारथ हासिल थी। विदेशों में भी कई बार अपने करीबी लोगों को घर जाकर खुद खाना बनाकर खिलाया भोजन प्रसंग में विवेकानंद के चाय व आइसक्रीम के प्रति लगाव की विशेष चर्चा है। शंकर कहते हैं-'स्वामी जी जिनके भी घर में मेहमान बनते थे, उन लोगों को अपना भी एकाध व्यंजन पकाकर खिलाने को उत्सुक रहते थे।' शंकर इस अध्याय में कहते हैं-'उत्तरी कैलिफोर्निया के रसोईघर में शेफ यानी रसोइया विवेकानंद। बेहद अद्भुत दृश्य होता था। खाना पकाते-पकाते स्वामी जी दर्शन पर बात करते रहते थे। गीता के अठारहवें अध्याय से उद्धरण देते रहते थे।' विवेकानंद के लिए वेद-उपनिषद का प्रचार प्रसार, मानवता के कल्याण की बातें और व्यंजनों की रेसिपी में कोई फर्क नहीं था। यहां यह भी गौरतलब है कि उनका खान पान शाकाहार तक ही सीमित नहीं था।
इस पुस्तक में जो प्रमुख स्वर उभरा है वह है अपनी मां के प्रति उनका अगाध प्रेम। मां से उनका सम्बंध अंत तक बना रहा और वे इस बात के प्रति भी चिन्तित रहे कि उनकी मौत के बाद उनकी मां की देखभाल और भरण-पोषण ठीक से हो। इस पुस्तक में उनकी पैतृक सम्पत्ति के लेकर चलने वाले लम्बे मुकदमे का भी विस्तार से जिक्र है जिसके कारण उनके परिवार को गरीबी के दिन देखने पड़े और जिन्हें सुलझाने का उन्होंने भरसक किया। अदालत से मुकदमे का समाधान न होते देख उन्होंने छह हजार रुपये देकर अपनी चाची से पैतृक घर का हिस्सा खरीद लिया जिसके लिए उन्हें मठ के फंड से पांच हजार रुपये उधार लेने पड़े। खेतड़ी महाराज से वे पत्र में गुजारिश करते हैं-'मेरी मां के लिए आप जो हर महीने सौ रुपये भेजते हैं, हो सके तो उसे स्थायी रखें। मेरी मौत के बाद भी यह मदद उन तक पहुंचती रहे।'
शंकर के विवेकानंद की उन तमाम बीमारियों का जिक्र किया है जिनसे वे लगातार घिरे रहे। वे अनिद्रा के भी शिकार थे। यह देखकर हैरत होती है कि जिस व्यक्ति को इतनी सारी बीमारियां थीं उसने कैसे दर्शन के क्षेत्र में महती योगदान दिया और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक बनायी। खेतड़ी के राजा अजीत सिंह की चर्चा जिस तरह से शंकर ने की है उससे स्पष्ट है कि विवेकानंद को विदेश भेजने का इन्तजाम उन्होंने ही किया था। विवेकानंद ने इसे खुलेआम स्वीकार किया था कि अगर खेतड़ी के राजा से परिचय न होता तो जो कुछ मामूली सा मैं भारत की उन्नति के लिए कर पाया हूं, वह मेरे लिए असंभव था। पुस्तक का बंगला से अनुवाद सुशील गुप्ता ने किया है।

Sunday 8 May 2011

'मीडिया को अपनी विश्वसनीयता की रक्षा स्वयं करनी होगी

कोलकाता: सदीनामा की ओर से 'मीडिया का समाज और साहित्य पर प्रभावÓ विषय पर राष्ट्रीय परिसंवाद का आयोजन शनिवार की शाम जीवनानंद सभागार, नंदन में किया गया। इसमें वक्ताओं ने मीडिया के व्यवसायीकरण पर चिन्ता जताई और पेड न्यूज जैसी प्रवृत्तियों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं का कहना था कि मीडिया लोगों के घर में अपनी पैठ बना चुका है और वह मनुष्य के जीवन के हर मामले को निर्देशित करने की ताकत रखता है इसलिए उसका दिशाहीन होना खतरनाक है। मीडिया को अपनी विश्वसनीयता और जनपक्षधरता की रक्षा स्वयं करनी होगी। कोई बाहर दबाव या दिशानिर्देश इस मामले में उतने प्रभावी नहीं होंगे, जितनी स्वयं उसकी नैतिक जिम्मेदारी होगी। लोकतंत्र में मीडिया की शक्ति तभी बढ़ेगी जब वह भरोसेमंद होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ.इकबाल जावेद ने की। वक्ता थे रतनलाल शाह, प्रो.ललित झा, डॉ.अभिज्ञात, अभीक चटर्जी एवं राजेन्द्र केडिया। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र जितांशु ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रभाकर चतुर्वेदी ने किया।
डॉ.इकबाल जावेद ने कहा कि इंटरनेट पर सोशल नेटवर्किंग वेबसाइटों ने जहां रचनात्मक कार्य किये हैं वहीं उसका दुरुपयोग भी धड़ल्ले से हो रहा है। वह यदि अण्णा हजारे के पक्ष में व्यापक समर्थन जुटा सकता है तो किसी शक्तिशाली मुल्क के इशारे पर तहरीर चौक में लोगों को अपनी ही सरकार को बेदखल करने के लिए उकसा भी सकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया आज पावरफुल हो गया है और पावरफुल होने के कारण करप्ट भी। राजेन्द्र केडिया ने कहा कि मीडिया झूठे सपने बेचता है। वह लोगों की सोच पर ऐसा हावी होता है कि वह अपने ढंग से एक नयी संस्कृति तैयार करने लगा है। टीवी धारावाहिक यह काम बखूबी करते हैं। अभीक चटर्जी ने कहा कि मीडिया डेमोक्रेटिक डिक्टेटरशिप करता है। लोगोंं को पता नहीं चलता कि वह किस सूक्ष्म तरीके से लोगों को वहीं हांक कर ले जाता है जहां वह ले जाना चाहता है। पूरी मीडिया को आम तौर पर कुछ शक्तिशाली लोग नियंत्रित करते हैं और मीडिया के जरिये लोगों को। प्रो.ललित झा ने कहा कि यह सूचना विस्फोट का युग है। सूचनाओं को किसी खास उद्देश्य से प्लांट किया जाता है लोगों के दिलोदिमाग पर उसे हावी कर दिया जाता है। मीडिया तकनीक से ताकत बन गया है। जिस विश्वग्राम को मीडिया की उपलब्धि के तौर पर पेश किया जाता है वह कंसेप्ट बहुत पहले से हमारे उपनिषदों में मौजूद है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने ऐसी स्थितियां पैदा की हैं कि स्त्री उपभोग की वस्तु बन गयी है। वह पुरुषवादी नजरिये से स्वयं को टीवी पर पेश करती है। डॉ.अभिज्ञात ने कहा कि मीडिया को साजिश के तहत बदनाम किया जा रहा है क्योंकि लोकतंत्र में स्वतंत्र मीडिया चौथे स्तम्भ का काम करता है। ऐसे में उसके कद का बढ़ जाना बाकी स्तम्भों के लिए चुनौती है। आज मीडिया चाहे तो किसी सरकार को गिरा दे या किसी की सरकार बना दे। ऐसे में जबकि लोकतंत्र के अन्य पायों में खामियां आ गयी हैं राजनीति नहीं चाहती कि उसे चुनौती देने वाली सत्ता मीडिया निष्कलंकित रहे। मीडिया को अपनी विश्वसनीयता और जनपक्षधरता की रक्षा स्वयं करनी होगी। लोकतंत्र में मीडिया की शक्ति तभी बढ़ेगी जब वह भरोसेमंद होगा। उन्होंने कहा कि बिना मीडिया के आज समाजिक परिवर्तन की कल्पना नहीं की जा सकती और आज का मनुष्य बगैर मीडिया के एक दिन संतोषजनक ढंग से एक दिन नहीं बिता सकता। इसके पूर्व सदीनामा-उन्नयन सम्मान 2011 का सत्र था जिसमें हिन्दी, उर्दू, बंगला एवं अंग्रेजी भाषाओं में बीए की परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...